16 मई से शुरू होगा वंदे भारत मिशन का दूसरा चरण, 31 देशों में फंसे भारतीयों को लाया जाएगा वापस
नई दिल्ली: चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस से पूरी दुनिया परेशान है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए अमेरिका, जापान, रूस जैसे बड़े-बड़े देशों ने अपनी सीमाएं सील कर लॉकडाउन का ऐलान कर रखा है। जिस वजह से बड़ी संख्या में भारतीय कई देशों में फंसे हुए हैं। जिनको निकालने के लिए भारत सरकार ने वंदे भारत मिशन लांच किया था। मिशन के पहले चरण के अंतर्गत 14 हजार लोगों को निकालने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं 16 मई से सरकार ने इस मिशन के दूसरे चरण को शुरू करने का फैसला लिया है।

विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक वंदे भारत मिशन का दूसरा चरण 16-22 मई तक चलेगा। इस दौरान 31 देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए 149 विमानों का संचालन किया जाएगा। इस चरण में केरल में 31, दिल्ली में 22, कर्नाटक में 17, तेलंगाना में 16, गुजरात में 14, राजस्थान में 12, आंध्र प्रदेश में 9, पंजाब में 7, बिहार और उत्तर प्रदेश में 6-6 उड़ानों की लैंडिंग होगी। वहीं ओडिशा में तीन, चंडीगढ़ में दो और जम्मू-कश्मीर, जयपुर, मुंबई और मध्य प्रदेश में एक-एक विमानों की लैंडिंग का प्लान है।
USA के लिए सात फ्लाइट
वहीं USA में फंसे लोगों को निकालने के लिए एयर इंडिया 19 मई से सात विमानों का संचालन करेगी। ये उड़ानें सैन फ्रांसिस्को, वाशिंगटन डीसी, शिकागो और न्यूयॉर्क से संचालित होंगी। पहले चरण की तरह ही देश के अलग-अलग हिस्सों में इन विमानों की लैंडिंग होगी। इसके तहत 1200 भारतीयों को एयरलिफ्ट करने का लक्ष्य रखा गया है। आपको बता दें कि सात मई 2020 से शुरू हुए पहले फेज के तहत मंगलवार तक 31 उड़ानों के जरिए 6037 भारतीयों को वापस स्वदेश लाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications