उत्तराखंड सीएम से भिड़ने वाली शिक्षिका उत्तरा पंत को बिग-बॉस से बुलावा
देहरादून। अपने ट्रांसफर को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ बहस और निलंबित हुई अध्यापिका उत्तरा पंत बहुगुणा ने कहा है कि उनको बिग-बॉस से बुलावा आया है। बहुगुणा ने बताया है कि सोमवार को उनके पास बिग-बॉस के निर्माताओं का फोन आया था और उनसे कार्यक्रम का हिस्सा बनने को कहा गया। उत्तरा ने बताया कि उन्होंने बिग-बॉस का हिस्सा बनने के इनकार कर दिया क्योंकि उनके लिए घर चलाने और बच्चों की परवरिश ही सबसे अहम है।

बीते हफ्ते उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के जनता दरबार में उत्तरा बहुगुणा अपने ट्रांसफर को लेकर पहुंची थी। यहां उन्होने अपनी बात रखी तो मुख्यमंत्री ने उन्हें डांट दिया, जिस पर उनकी मुख्यमंत्री से बहस हो गई, जिसके बाद सीएम ने महिला शिक्षिका को तुरंत सस्पेंड करने का आदेश दे दिया। उत्तरा पर जिस तरह से मुख्यमंत्री बिगड़े उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उनको समर्थन मिला और मुख्यमंत्री की आलोचना हुई। उत्तरा के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी उतरे थे और उनकी बात सुने जाने को कहा था।
निलंबन के बाद उत्तरा पंत बहुगुणा ने कड़ाई से अपनी बात रखते हुए कहा कि मैं अपनी बात रख रही थी तो सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि 'इसे' बाहर ले जाओ। उन्होंने कहा कि आखिर 'इसे' क्या होता, क्या मैं गई गुजरी चीज हूं, मुझे कोई पूछने वाला नहीं है। रोते हुए उत्तरा पंत बहुगुणा ने कहा कि मेरे पति नहीं हैं, भाई नहीं हैं तो मेरा कोई पूछने वाला नहीं है। जब एक मुख्यमंत्री एक महिला शिक्षिका को 'इसे' कह सकते हैं तो एक महिला शिक्षिका क्यों नहीं जवाब दे सकती है। मैं ईमानदारी से नौकरी कर रही हूं। अनुशासन में रहकर नौकरी कर रही थी। मुझे भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया। आखिर क्या हो रहा है, जो जितना ईमानदार उस पर उतनी ही गाज गिर रही है।












Click it and Unblock the Notifications