देश से गद्दारी करने वाले रविंद्र को यूपी ATS ने पकड़ा, पाकिस्तान की नेहा शर्मा को भेज रहा था गुप्त सूचनाएं
Uttar Pradesh ATS: देश से गद्दारी करने वाले के खिलाफ उत्तर प्रदेश एटीएस ने बड़ी कार्रवाई की है। एटीएस ने गुप्त सूचनाएं पाकिस्तान भेजने के आरोप में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री हजरतपुर, फिरोजाबाद के एक कर्मचारी को पकड़ा है। वह सोशल मीडिया के जरिए नेहा शर्मा नामक पाकिस्तानी एजेंट/हैंडलर के सम्पर्क में था। उसे रुपए के लालच में गोपनीय सूचनाएं भेज रहा था।
एटीएस यूपी के प्रेसनोट के अनुसार पिछले कुछ दिनों से सूचना प्राप्त हो रही थी कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के हैण्डलरों द्वारा छद्म नामों से विदेश मंत्रालय व भारत सरकार के कर्मचारियों को बहला फुसलाकर एवं धन का लालच देकर भारतीय सेना तथा अन्य सरकारी संगठन तथा कार्यालयों से सम्बन्धित गोपनीय एवं वर्गीकृत सूचनाएं तथा गोपनीय दस्तावेज प्राप्त किये जा रहे है।

इससे भारत की आन्तरिक एवं बाह्य सुरक्षा को बहुत बड़ा खतरा उत्पन्न होने की सम्भावना है। एटीएस उत्तर प्रदेश द्वारा इस सूचना को पुख्ता करके जांच की, जिसमें पाया गया कि ऑर्डिनेंस फैक्ट्री हजरतपुर, फिरोजाबाद में चार्जमैन के पद पर नियुक्त रविन्द्र कुमार पाकिस्तान सूचनाएं भेज रहा है।
वह फेसबुक से दोस्त बनी एक पाकिस्तानी एजेंट को संवेदनशील व गोपनीय जानकारियाँ भेजता था। 13 मार्च को एटीएस की फील्ड इकाई आगरा ने रविन्द्र कुमार से प्रारम्भिक पूछताछ के बाद सघन पूछताछ हेतु एटीएस मुख्यालय लखनऊ बुलाया।
एडीजी यूपी एटीएस नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि आरोपी से सघन पूछताछ के दौरान उसके फ़ोन से पाकिस्तानी एजेंट को भेजे गए संवेदनशील गोपनीय दस्तावेज मिलने पर रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एटीएस की पूछताछ में रविन्द्र कुमार ने बताया कि वह वर्ष 2006 से ऑर्डनेन्स फैक्ट्री में कार्यरत है एवं वर्ष 2009 से ऑर्डनेन्स फैक्ट्री हजरतपुर फिरोजाबाद में कार्यरत है एवं वर्तमान में चार्जमैन के पद पर है।
वर्ष 2024 की जून-जुलाई में इसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से नेहा शर्मा (पाकिस्तानी एजेंट/हैंडलर) नाम की एक लड़की से हुई थी, जिससे अक्सर वाट्सएप चैटिंग, ऑडियो कॉल तथा विडियो कॉल करता था। प्यार मोहब्बत की बातें करता था। मालामाल होने के लालच में अपनी ऑर्डनन्स फैक्ट्री की गोपनीय जानकारी भेजता था।
रविन्द्र कुमार ने बताया कि वह अक्सर वाट्सएप चैट डिलीट कर देता था परन्तु कुछ चैट और गोपनीय दस्तावेज फ़ोन में रह गए। इस संबंध मे थाना-एटीएस, लखनऊ पर मु.अ.सं. 01/2025, धारा 148 बीएनएस 2023 व 3/4/5 शासकीय गोपनीयता अधिनियम 1923 पंजीकृत कर अभियुक्त रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एटीएस को रविंद्र कुमार से ये सामान मिला
मोबाइल फोन, भारतीय आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम डेबिट कार्ड, नगद धनराशि 6220 रुपए, मोबाइल फ़ोन से बरामद गोपनीय दस्तावेज। एक दस्तावेज, जिसमें वर्ष 2024- के ऑर्डिनेंस फैक्ट्री हजरतपुर फिरोजाबाद की 2025 की Daily Production Report, जिसमें ड्रोन से सम्बंधित महत्त्वाकांक्षी गगनयान ISRO भारत सरकार के प्रोजेक्ट एवं अन्य गोपनीय जानकारी है। एक Observation in receipt of stores से सम्बन्धित दस्तावेज बरामद हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications