अमेरिका में भारतीय सिख को गोली मारी, सुषमा स्वराज ने किया ये ट्वीट
सुषमा ने ट्वीट कर कहा कि मुझे भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक दीप राय पर हमले के बारे में सुनकर दुख हुआ।
नई दिल्ली| विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को कहा कि उन्होंने अमेरिका के वाशिंगटन में शुक्रवार को 'नस्लीय हमले' में घायल सिख नागरिक के पिता से फोन पर बात की।

'मेरे देश से चले जाओ'
आपको बता दें कि भारतीय मूल के 39 वर्षीय सिख नागरिक पर वाशिंगटन के केंट शहर में एक अज्ञात व्यक्ति ने गोली चला दी थी और गोली चलाने के बाद उसने सिख से कहा कि 'मेरे देश से चले जाओ।'

सुनकर दुख हुआ
सुषमा ने ट्वीट कर कहा कि मुझे भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक दीप राय पर हमले के बारे में सुनकर दुख हुआ। मैंने उनके पिता हरपाल सिंह से बात की।उन्होंने मुझे बताया कि उनके बेटे को बांह में गोली लगी है। वह खतरे से बाहर हैं और उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हमलावर श्वेत
किंग5 टीवी के मुताबिक, घटना की जांच नस्लीय अपराध के तौर पर की जा रही है। पुलिस ने संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) से भी मदद मांगी है।हमलावर श्वेत बताया जा रहा है, जिसने आंशिक रूप से अपना चेहरा ढका हुआ था।

भारतीय मूल के कारोबारी हरनीश पटेल की हत्या
मालूम हो कि अभी एक दिन पहले ही अमेरिका को एक अन्य नस्लीय हमले में दक्षिण कैरोलिना के लैंकेस्टर में भारतीय मूल के कारोबारी हरनीश पटेल की हत्या कर दी गई थी, जबकि 22 फरवरी को कानसास के ओलेथ में हुए 'नस्लीय हमले' में भारतीय इंजीनियर श्रीनिवास कुचिभोटला की मौत हो गई थी।
'भारतीय महत्वपूर्ण हैं, हमले पर शर्मिदा हूं'
हालांकि अमेरिका के कानसास राज्य के गवर्नर सैम ब्राउनबैक ने राज्य में एक भारतीय की हत्या के बारे में बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारतीय कानसास के लिए और हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं और उनका राज्य में हमेशा से स्वागत था और हमेशा ही रहेगा। एक शख्स के घृणित कार्यो से हमें परिभाषित नहीं किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications