जल्द भारत आ सकते हैं अमेरिकी विदेश मंत्री, अफगानिस्तान समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा
नई दिल्ली, 20 जुलाई: अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन जल्द ही भारत की यात्रा कर सकते हैं। इसके लिए दोनों देशों में उच्च स्तरीय तैयारियां चल रही हैं, लेकिन किसी ने भी अभी आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा नहीं की। वहीं जब ब्लिंकन भारत आएंगे तो वो यहां पर अपने समकक्ष विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। ये दौरा काफी ज्यादा महत्वपूर्ण है, क्योंकि मौजूदा वक्त में चीन के साथ अमेरिका और भारत दोनों का विवाद चल रहा है।

वैसे एस. जयशंकर और ब्लिंकन पिछले एक साल में तीन बार मिल चुके हैं। अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन की भारत यात्रा के बाद बाइडेन प्रशासन के सदस्य की ये दूसरी हाई प्रोफाइल यात्रा होगी। जब भारत कोरोना वायरस की दूसरी लहर से परेशान था, तो अमेरिका ने भारत का काफी ज्यादा सपोर्ट किया था। इसके अलावा पिछले साल जब चीन के साथ विवाद हुआ, तो भी अमेरिका की पूर्व सरकार भारत के साथ खड़ी थी।
वहीं भारतीय विदेशमंत्री जयशंकर ने मई में संयुक्त राज्य का दौरा किया था। उनकी उस 5 दिवसीय यात्रा के दौरान Quad और आतंरिक सुरक्षा समेत कई मसलों पर चर्चा हुई थी। अब जब ब्लिंकन भारत आ रहे तो कोरोना वैक्सीन, आतंरिक सुरक्षा, चीन के साथ विवाद समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। वहीं हाल ही में अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना वापस लौट गई थी। इसके बाद से वहां के कई इलाकों में तालिबान का कब्जा हो गया। ऐसे में भारत और अमेरिकी विदेश मंत्री के बीच अफगानिस्तान के हालात पर भी चर्चा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications