ओबामा और मोदी का यह 'hug' कर देगा नवाज शरीफ को परेशान
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा जब भारत के लिए रवाना होने वाले थे तो उन्होंने भारतीय मीडिया को एक खास इंटरव्यू दिया था। इस इंटरव्यू में उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की थी। रविवार को जब ओबामा तीन दिवसीय भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचे तो उनके खास 'दोस्त' नरेंद्र मोदी खुद उनकी आगवानी के लिए मौजूद थे। मोदी को देखते ही ओबामा ने उन्हें गले से लगाया।

मोदी और ओबामा के बीच कुछ मिनटों तक बातचीत भी हुई और इस दौरान फर्स्ट लेडी मिशेल ओबामा भी मोदी से मिलकर काफी खुश नजर आई। आपको बता दें कि जिस समय मोदी व्हाइट हाउस गए थे, उस समय मिशेल मोदी से नहीं मिल सकी थी।
पाक को साफ इशारा
जिस अंदाज में और जिस गर्मजोशी के साथ ओबामा और मोदी एक दूसरे से मिले हैं, उसके बाद सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस बात को लेकर पाकिस्तान को खासी परेशानी हो सकती है।
ओबामा की यात्रा शुरू होने से पहले पाक को साफ चेतावनी भी दी गई थी कि वह इस दौरान कोई भी गुस्ताखी करने की कोशिश न करे। जहां पाक ने इस बात से साफ इंकार कर दिया कि अमेरिका ने उसे कोई चेतावनी दी है तो वहीं अभी तक अमेरिका की ओर से इस पर कोई भी बयान नहीं आया है।
पाक ने ओबामा की भारत यात्रा से ठीक पहले ही अमेरिका से आठ एफ-18 फाइटर जेट्स की मांग कर डाली है। अमेरिका ने इस पर कोई भी जवाब पाक को अभी नहीं दिया है।
इससे अलग ओबामा ने अपने इंटरव्यू में यह बात साफ कर दी थी कि पाक को अपने यहां आतंकियों की पनाहगारों को खत्म करना होगा। ओबामा पाकिस्तान नहीं जा रहे हैं और इस बात से पाक पीएम नवाज शरीफ के माथे पर बल पड़ गए हैं। सितंबर में जहां ओबामा ने व्हाइट हाउस बुलाकर नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी तो उस दौरान शरीफ को नजरअंदाज कर दिया था।
आज बनेगी न्यूक्लियर डील पर बात?
राष्ट्रपति बराक ओबामा आज दोपहर में राजघाट जाएंगे। इसके बाद वह कई स्ट्रैटेजिक मुद्दों पर पीएम मोदी के साथ बातचीत करेंगे। इन मुद्दों में कई अहम डिफेंस डील्स और वह न्यूक्लियर डील भी शामिल है, जिसे लेकर दोनों देशों के बीच बात नहीं बन पा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि जिस लायबिलिटी लॉ को लेकर अमेरिका को आपत्ति है, उस पर कोई नतीजा निकल आए।
फिलहाल ओबामा के इस दौरे से न सिर्फ भारत बल्कि अमेरिका को भी काफी उम्मीदें हैं। विशेषज्ञों की मानें तो ओबामा का यह भारत दौरा इस बार पाकिस्तान और चीन को कड़ा संदेश है। साथ ही भारत और अमेरिका के बीच बनते रिश्तों का एक नया समीकरण साबित होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications