Pratibha Setu: क्या है UPSC का 'प्रतिभा सेतु' पोर्टल? अभ्यर्थियों को कैसे देगा सेकंड चांस? आसान भाषा में समझिए
Pratibha Setu Portal: UPSC की सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। लाखों युवा सालों तक मेहनत करते हैं, लेकिन कुछ ही नाम अंतिम सूची तक पहुंच पाते हैं। ऐसे में कई बार योग्य और प्रतिभाशाली उम्मीदवार करियर के सही अवसर से चूक जाते हैं। इन्हीं युवाओं को एक नया मंच देने के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने एक अनोखी पहल की है।
'प्रतिभा सेतु' नाम का यह पोर्टल अब उन अभ्यर्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आया है, जिन्होंने इंटरव्यू तक का सफर तय किया लेकिन अंतिम चयन से चूक गए। यह प्लेटफॉर्म उन्हें सरकारी, सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों में नई राह दिखाएगा। पीएम मोदी ने 31 अगस्त को 'मन की बात' के 125वें एपिसोड में भी इसका जिक्र किया है। आइए जानते हैं 'प्रतिभा सेतु' के बारे में विस्तार से।

क्या है प्रतिभा सेतु पोर्टल
'प्रतिभा सेतु' का पूरा नाम है Professional Resource and Talent Integration - Bridge for Hiring Aspirants। यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां ऐसे उम्मीदवारों का डाटाबेस तैयार किया गया है, जिन्होंने UPSC की विभिन्न परीक्षाओं के सभी चरण पार कर लिए, लेकिन अंतिम मेरिट में शामिल नहीं हो सके।
ये भी पढ़ें: Rekha Gupta News: दिल्ली CM रेखा गुप्ता के कार्यक्रम में बवाल! क्या फिर थी हमले की योजना? दो हिरासत में!
किसे मिलेगा फायदा
इस पोर्टल में उन अभ्यर्थियों का डेटा शामिल है, जिन्होंने इन परीक्षाओं में इंटरव्यू तक पहुंच बनाई:
- सिविल सेवा परीक्षा (CSE)
- भारतीय वन सेवा (IFS)
- इंजीनियरिंग सेवा (ESE)
- केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF)
- संयुक्त रक्षा सेवा (CDS)
- संयुक्त चिकित्सा सेवा (CMS)
- आर्थिक और सांख्यिकी सेवा (IES/ISS)
- भू-वैज्ञानिक सेवा (CGSE)
इन उम्मीदवारों की प्रोफाइल सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और निजी कंपनियों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे उन्हें उनके कौशल के अनुसार नौकरी के अवसर मिल सकें।
पीएम ने भी किया इसका जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 125वें एपिसोड में UPSC के उम्मीदवारों के लिए शुरू की गई नई पहल 'प्रतिभा सेतु पोर्टल' का जिक्र किया। उन्होंने कहा,'UPSC देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है, जिसमें कई प्रतिभाशाली उम्मीदवार आखिरी चरण तक पहुंचने के बावजूद अंतिम सूची में जगह नहीं बना पाते। ऐसे उम्मीदवारों को अन्य परीक्षाओं की तैयारी के लिए दोबारा समय और पैसा खर्च करना पड़ता है। इस समस्या को समझते हुए अब एक डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया गया है, जिसमें ऐसे उम्मीदवारों का डेटा सुरक्षित रखा जाएगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस पोर्टल के जरिए निजी कंपनियां इन योग्य उम्मीदवारों की जानकारी प्राप्त कर उन्हें नौकरी का अवसर दे सकेंगी।'
उम्मीदवार की सहमति से ही डेटा होगा शेयर
पोर्टल पर केवल उन्हीं उम्मीदवारों की जानकारी साझा की जाएगी, जिन्होंने इसके लिए अपनी सहमति दी हो। इससे उनकी गोपनीयता और डेटा सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
नियोक्ताओं के लिए आसान प्रक्रिया
सरकारी संस्थान, पीएसयू और निजी कंपनियां इस पोर्टल पर पंजीकरण कर सकती हैं। सत्यापन के बाद वे उम्मीदवारों की प्रोफाइल देख सकते हैं और उन्हें नौकरी के अवसर दे सकते हैं।
क्यों खास है यह पहल
पहले यह सुविधा पब्लिक डिस्क्लोजर स्कीम (PDS) के नाम से चल रही थी, लेकिन अब इसे और आधुनिक और उपयोगी बनाकर 'प्रतिभा सेतु' के रूप में लॉन्च किया गया है। इस पोर्टल में अभी तक 10 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों का डेटा शामिल किया जा चुका है।
दूसरा मौका योग्य उम्मीदवारों को
UPSC के मुताबिक, यह पोर्टल उन मेहनती युवाओं को दूसरा मौका देगा, जिन्होंने कड़ी मेहनत की लेकिन अंतिम चयन से बस थोड़ा पीछे रह गए। अब वे अपनी प्रतिभा और योग्यता का उपयोग विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर करियर बनाने के लिए कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें: 8th Pay Commission: CGHS खत्म होगी या बनेगी नई बीमा योजना? कर्मचारियों के लिए क्या बदलेगा? कैसे होगा फायदा?












Click it and Unblock the Notifications