UPI 3.0 खत्म करेगा कैश और फोन का झंझट ! जानें क्यों खास है यह अपग्रेड और कैसे बदल देगा आपकी लाइफस्टाइल?
UPI 3.0 Payment Upgrade: नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) देश की डिजिटल पेमेंट व्यवस्था में एक और बड़ा बदलाव लाने की तैयारी कर रहा है। NPCI जल्द ही UPI 3.0 पेश करने जा रहा है, जो Internet of Things (IoT) तकनीक पर आधारित होगा।
इस अपग्रेड के बाद न सिर्फ स्मार्टफोन बल्कि आपके घर और कार में मौजूद स्मार्ट डिवाइस भी अपने आप पेमेंट करने लगेंगे। इसका मतलब है कि अब आपकी कार, फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन या स्मार्टवॉच जैसे उपकरण खुद-ब-खुद बिल चुकाने और खरीदारी करने में सक्षम होंगे।

UPI Automatic Payments: कैसे करेगा काम UPI 3.0?
UPI 3.0 मौजूदा फीचर्स जैसे UPI Autopay और UPI Circle पर आधारित होगा। इसमें IoT तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसके जरिए इंटरनेट से जुड़े सेंसर और सॉफ्टवेयर अलग-अलग डिवाइसों को एक-दूसरे से जोड़ेंगे। उदाहरण के तौर पर:
- आपका फ्रिज दूध खत्म होने पर खुद ऑर्डर और पेमेंट कर देगा।
- आपकी कार ईंधन भरवाने के तुरंत बाद भुगतान पूरा कर देगी।
- स्मार्ट टीवी या स्मार्टवॉच से मासिक सब्सक्रिप्शन अपने आप कट जाएगा।
इस सुविधा के लिए यूज़र अपने मुख्य UPI डिवाइस से किसी स्मार्ट डिवाइस को एक मैंडेट जारी करेंगे। इससे एक सेकेंडरी UPI ID बनेगी, जो आपके मुख्य खाते से जुड़ी होगी और निर्धारित सीमा के भीतर ही लेनदेन कर पाएगी।
UPI 3.0 Smart Device: सुरक्षा और प्राइवेसी
सूत्रों के मुताबिक, इस क्रांतिकारी अपग्रेड की आधिकारिक घोषणा अक्टूबर 2025 में मुंबई में होने वाले Global Fintech Fest के दौरान की जा सकती है। हालांकि, इसके लिए अभी नियामकीय मंजूरी का इंतजार है।
NPCI ने स्पष्ट किया है कि डेटा सुरक्षा और अनधिकृत लेनदेन से बचाव के लिए विशेष उपाय किए जाएंगे। हर डिवाइस के लिए अलग UPI ID होगी, जिससे किसी एक डिवाइस के डेटा से पूरा अकाउंट असुरक्षित नहीं होगा।
UPI 3.0 payment आखिर क्यों है खास?
भारत में UPI का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 में UPI के जरिए 185.8 बिलियन ट्रांजैक्शन हुए, जो पिछले साल से 41.7% अधिक है। RBI की रिपोर्ट बताती है कि देश में खुदरा भुगतानों का 83% हिस्सा UPI से किया जा रहा है। वहीं, वैश्विक स्तर पर भी ऑटोनॉमस पेमेंट्स मार्केट 2024 से 2032 के बीच 40% से अधिक की दर से बढ़ने का अनुमान है।
UPI 3.0 न केवल पेमेंट को और आसान बनाएगा, बल्कि इसे भविष्य की ऑटोमेटेड डिजिटल इकोनॉमी का हिस्सा भी बना देगा। आने वाले समय में यह अपग्रेड हमारे रोजमर्रा के जीवन को बदल देगा, जहां डिवाइस खुद हमारी जरूरतें पूरी करेंगे और पेमेंट भी बिना देरी के हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications