Unlock 4.0: 1 सितंबर से देशभर में शुरू हो सकती है मेट्रो सेवा, स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संकट में अब देश लॉकडाउन से अनलॉक की प्रक्रिया में आ गया है। 31 अगस्त को अनलॉक का तीसरा चरण खत्म हो रहा है ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में केंद्र सरकार अनलॉक 4 का भी ऐलान कर सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अनलॉक 4 में देशभर में महीनों से बंद बड़ी मेट्रों सेवा को फिर से शुरू किया जा सकता है। हालांकि कोरोना संकट में स्कूलों को खोलने की ओर सरकार अभी ध्यान नहीं दे रही है।
Recommended Video

स्कूल और कॉलेज बंद, शुरू हो सकती है मेट्रो सेवा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय जल्द ही कोरोना काल में अनलॉक 4 के दिशा-निर्देश जारी कर सकता है जिसमें देशभर में मेट्रो सेवाओं को फिर से शुरू करने की अनुमति देने की उम्मीद है। संबंधित आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अनलॉक 4 चरण शुरू होने के बाद 1 सितंबर से मेट्रो सेवाओं को फिर से शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि सरकार अभी स्कूलों और कॉलेजों को फिर से खोलने के पक्ष में नहीं दिखाई दे रही है।

ट्रायल के तौर पर शुरू हो सकती है मेट्रो
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्रायल के आधार पर दिल्ली में फिर से मेट्रो सेवा शुरू करने का आग्रह किया था, क्योंकि राजधानी में कोरोना की स्थिति में सुधार हो रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि सितंबर के पहले दो हफ्तों में मेट्रो सेवा को भी ट्रायल के तौर पर खोलने पर विचार किया जा रहा है। संभव है कि प्रति कोच में 50 लोगों को यात्रा करने की अनुमति के साथ मेट्रो सेवा को फिर से शुरू किया जा सकता है। हालांकि इसमे सिर्फ जरूरी सेवा में जुड़े लोगों को यात्रा करने की ही अनुमति होगी।

बार में बैठकर शराब पीने के अनुमति नहीं
वहीं, रिपोर्ट में कहा गया है कि अनलॉक-4 में भी बार को खोलने की अनुमति नहीं होगी लेकिन काउंटर पर शराब की बिक्री करने की अनुमति दी जा सकती है, जहां से सिर्फ टेक अवे की अनुमति होगी। यानी ग्राहक बार में बैठकर शराब नहीं पी सकेगा। बता दें कि कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए मार्च के अंत में मेट्रो सेवाओं को निलंबित कर दिया गया था। मालूम हो की कोरोना वायरस से अब तक देशभर में 31 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं।

देश में कोरोना का तांडव जारी
देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 61,408 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान 836 मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का कहना है कि बीते एक दिन में वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 57,468 है। अब कुल मामले 31,06,349 हो गए हैं, जिसमें से 23,38,036 ठीक मामले और 57,542 मौत शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: कोरोना संक्रमित केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक की जांच के लिए दिल्ली एम्स की टीम जाएगी गोवा, 10 दिन से हैं भर्ती












Click it and Unblock the Notifications