United Nations: कश्मीरी बताकर दिखाई फलस्तीनी महिला की तस्वीर, पाक का उड़ा मजाक
नई दिल्ली। शनिवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान को खूब खरी-खोटी सुनाई थी। इसका जवाब देते हुए पाकिस्तान ने कहा कि साउथ एशिया में भारत आतंकवाद की माता है। पाकिस्तान की स्थाई प्रतिनिधि मलीहा लोधी ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि भारत अपने पड़ोसी मुल्कों के खिलाफ आतंकवाद की सहायता करता है और उसे प्रायोजित करता है। पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में भी कश्मीर का राग आलापा।

गलत महिला की दिखाई तस्वीर
कश्मीर की बात करते हुए पाकिस्तान ने एक महिला की तस्वीर दिखाकर कहा कि घाटी में पैलेट गन की वजह से बहुत से युवा अपनी जान गंवा रहे हैं या अंधे हो जा रहे हैं। हालांकि, अब सोशल मीडिया पर मलीहा लोधी और पाकिस्तान दोनों ही मजाक का पात्र बन चुके हैं। दरअसल, पाकिस्तान ने जिस महिला की तस्वीर दिखाकर भारत पर गंभीर आरोप लगाए, वह तस्वीर कश्मीर की नहीं, बल्कि फलस्तीन की एक महिला की है।

क्या कहा था सुषमा स्वराज ने?
सुषमा स्वराज ने कहा था कि जहां एक ओर आजादी के बाद से भारत डॉक्टर और इंजीनियर पैदा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान आतंकवादी और जिहादी पैदा कर रहा है। वह बोलीं कि भारत ने आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे संस्थान बनाए हैं, जबकि पाकिस्तान ने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठन पैदा किए।

2002 गुजरात दंगों का भी किया जिक्र
पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में 2002 के गुजरात दंगों की भी बात छेड़ दी। लोधी ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक दिग्गज एक ऐसे राजनीतिक संगठन से जुड़े हुए हैं, जिनके हाथ गुजरात के हजारों मुस्लिमों के खून से रंगे हुए हैं। वह बोले- भाजपा का नेतृत्व आरएसएस से हो रहा है, जिस पर महात्मा गांधी की हत्या का आरोप है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाने की भी आलोचना करते हुए कहा कि यह ऐसी सरकार है जो भीड़ से मुस्लिमों की हत्या कराने की इजाजत देती है।












Click it and Unblock the Notifications