केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के OSD की कार दिल्ली में लूटी गई, नोएडा में बरामद
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व यूपी प्रभारी जेपी नड्डा के ओएसडी की कार बदमाशों ने दिल्ली के बारापूला इलाके से लूट ली। इसके बाद दिल्ली से नोएडा तक अफरा-तफरी मच गई। जीपीएस लोकेशन के आधार पर नोएडा पुलिस ने सेक्टर-2 से कार बरामद कर ली है। कार लूट करने वाले बदमाश भागने में सफल रहे।

ओएसडी की कार बरामद होने के बाद दिल्ली व नोएडा पुलिस की जान में जान आई। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि आदित्य केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के ओएसडी हैं। वह स्विफ्ट डिजायर कार से दिल्ली स्थित निजामुद्दीन कोतवाली क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ बदमाश बारापुला के पास उन्हें रोक कर उनकी कार लूटकर भागने लगे।
उन्होंने दिल्ली पुलिस को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने रात करीब 10 बजे नोएडा पुलिस को मामले से अवगत कराया। ओएसडी से कार लूट की सूचना पर नोएडा पुलिस बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने ओएसडी की कार को सेक्टर-2 से लावारिश हालत में बरामद कर लिया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लुटेरे मौके से फरार हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications