पीएम मोदी न्यू इंडिया के लिए न्यू सैंटा, ला रहे हैं अच्छी खबर: अनंत कुमार
नई दिल्ली। चार दिन के अवकाश के बाद बुधवार को संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही एक बार फिर शुरू हुई। चर्चा शुरू होने से पहले मोदी सरकार के संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने पीएम मोदी को नए भारत की सैंटा बताया है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अनंत कुमार ने कहा कि पीएम मोदी न्यू इंडिया के लिए न्यू सैंटा हैं। वह नए भारत के लिए अच्छी खबर ला रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि, हम सभी विपक्षी दलों से अपील करते हैं कि तीन तलाक पर बिल को पास करने में मदद करें। यह अपील कांग्रेस के स्थगन प्रस्ताव के बाद आई। आपको बता दें कि बुधवार को कांग्रेस ने लोकसभा में अनंत कुमार हेगड़े के बयान को लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया है। कांग्रेस की ओर से यह नोटिस केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े की संविधान पर की गई टिप्पणी के विरोध में दिया गया है।
मुसलमानों के बीच तीन तलाक के चलन को समाप्त करने के प्रस्ताव वाला विधेयक गुरूवार को लोकसभा में पेश किया जायेगा। बीजेपी की ओर से अपने सभी सांसदों को कल और शुक्रवार को लोकसभा में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी कर दिया गया है। लोकसभा की कार्यसूची के मुताबिक, तीन तलाक से संबंधित मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण विधेयक 2017 निचले सदन में 28 दिसंबर को पेश किया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications