कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बिजली संकट के दावों को नकारा, कहा- हमारे पास है कोयले का पर्याप्त स्टॉक
नई दिल्ली, अक्टूबर 10। देश की राजधानी दिल्ली पर मंडरा रहे बिजली संकट को लेकर अब केंद्र सरकार में मंथन शुरू हो गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखी थी, जिसमें ये कहा था कि दिल्ली में कोयले की कमी के कारण बिजली प्लांट में उत्पादन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में दिल्ली पर बिजली संकट मंडरा रहा है। केंद्र की तरफ से कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली पर बिजली सप्लाई बाधित होने का खतरा बिल्कुल भी नहीं है।

हमारे पास कोयले का पर्याप्त स्टॉक है- प्रह्लाद जोशी
केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इस पूरे मामले पर एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने कहा है, "मैं सभी देशवासियों को आश्वासन देता हूं कि देश में बिजली सप्लाई में कोई बाधा नहीं आ रही है। कोल इंडिया के पास 24 दिनों की कोयला मांग पूरा करने के लिए पर्याप्त 43 मिलियन टन कोल स्टॉक उपलब्ध है। थर्मल पावर प्लांट्स का कोल स्टॉक प्रतिदिन कोयला सप्लाई करके बढ़ाया जा रहा है। मानसून की वापसी के साथ कोल डिस्पैच में और बढ़ोत्तरी होगी, जिससे कोयले का स्टॉक बढ़ेगा। ऐसे में मैं एकबार फिर अपनी बात को दोहराता हूं कि ना तो राजधानी में और ना देश के किसी राज्य में बिजली संकट का खतरा मंडरा रहा है।"
Recommended Video
ऊर्जा मंत्री ने बिजली संकट के दावों को किया खारिज
आपको बता दें कि बिजली संकट के खतरे को ऊर्जा मंत्री आर के सिंह ने भी नकारा है। रविवार को बिजली डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक मीटिंग के बाद ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हमारे पास कोयले का पर्याप्त स्टॉक है, इसलिए बिजली संकट का कोई खतरा नहीं है। आर के सिंह ने 'GAIL' की ओर से गलत मैसेज के चलते कन्फ्यूजन होने की बात कही है। साथ ही कोयला मंत्री के साथ लगातार चर्चा के साथ मॉनिटरिंग के जरिए स्टॉक बढ़ाने का भी दावा किया है।












Click it and Unblock the Notifications