इंसानियत शर्मसार: कचरे की ट्रॉली में रखकर अंतिम संस्कार के लिए शव ले गए नगर परिषद के कर्मचारी
गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर में बुधवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। यहां नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस से एक अज्ञात व्यक्ति के शव को कचरे की ट्रॉली में लादकर अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया। घटनाक्रम का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में देखा जा सकता है कि थाना सिविल लाइन का एक मुलाजिम भी मौके पर मौजूद है। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले गुरदासपुर बस स्टैंड के पास एक बुजुर्ग बीमारी की हालत में मिला था।

लोगों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। बीते एक अक्टूबर को बुजुर्ग की मौत हो गई। चुंकि तबतक बुजुर्ग का नाम पता कुछ मालूम नहीं था इसलिए उनके शव को पोस्टमार्टम हाउस में रख दिया गया। बुधवार को पोस्टमार्टम हुआ और शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया। शव को ले जाने के लिए नगर परिषद ने कचरे वाली ट्रॉली भेज और उसी में लादकर शव को ले जाया गया।
ट्राली में कचरा है इस बात का किसी को पता न चले इसलिए ट्रॉली को काले रंग के तिरपाल से ढ़क दिया गया। तिरपाल के उपर शव रखकर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। मौके पर मौजूद थाना सिविल लाइन के एएसआइ सतनाम सिंह से जब इस संबंध में पूछा गया तो वहां मौजूद सफाईकर्मियों ने बताया कि उन्हें नगर परिषद भूपिंदर सिंह ने आदेश दिया था। वहीं भूपिंदर सिंह ने ऐसे किसी भी आदेश से मना किया है।












Click it and Unblock the Notifications