ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर आया मलबा, पत्थरों की चपेट में आकर दो की मौत
देहरादून। उत्तराखंड में बारिश के चलते ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। पौड़ी के कौडियाला के समीप हाईवे पर भारी पत्थर गिरने से चपटे में आने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति के बोल्डर के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही राज्य आपदा राहत फोर्स की टीम मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू का काम शुरू कर दिया गया है।

घटना सोमवार सुबह तड़के की है। पौड़ी गढ़वाल के कौडियाला के पास ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बारिश के चलते पहाड़ से बड़े-बड़े बोल्डर आ गिरे। इसी दौरान वहां काम कर रही जेसीबी समेत तीन लोग बोल्डरों की चपेट में आ गए जिनमें दो की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति मलबे में फंस गया। बारिश के चलते बचाव कार्य में परेशानी होने से एसडीआरएफ को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय पुलिस बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुटी हुई है।
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते लगातार भूस्खलन हो रहा है। इसके चलते चारधाम यात्रा मार्ग भी प्रभावित हो रहे हैं। सोमवार को ऋषिकेश-गंगोत्री राजमार्ग पर पहाड़ी से गिर रहे मलबे की वजह से अवरुद्ध हो गया। वहीं केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रुद्रप्रयाग गौरीकुंड हाईवे खुला हुआ है जबकि चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे गौचर आईटीबीपी कैंप के बाद भूस्खलन के चलते बंद पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications