बिहार: शराबबंदी की जद में आए दो चीनी नागरिक, जाम छलकाते गिरफ्तार
नई दिल्ली। बिहार की राजधानी पटना में एक मोबाइल कंपनी के दो अधिकारियों को शराब पीने और रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों चीन के नागरिक हैं। पटना के अनीसाबाद एरिया में एक गेस्ट हाउस से दोनों को गिरफ्तार किया गया है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी है, ऐसे में दोनों पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।

चीनी नागरिक को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि एसएसपी मनु महाराज ने की है। पटना के अनीसाबाद में इस मोबाइल कंपनी ने चार फ्लोर की एक पूरी बिल्डिंग को किराए पर ले रखा है जहां विदेश से आए कंपनी के अधिकारियों को ठहराया जाता है। इसी गेस्ट हाउस से ये गिरफ्तारी हुई हैं। माना जा रहा है कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बाद पहली बार किसी विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस को गेस्ट हाउस में शराब रखे जाने और शराब पार्टी की सूचना पर एएसपी अनिल कुमार ने टीम के साथ गेस्ट हाउस में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दो चीनी नागरिकों की कंपनी से शराब की बोतले मिलीं, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, चीन से पटना आए कुल नौ लोग वहां ठहरे हुए थे। सभी से पुलिस ने पूछताछ की है। अभी मामले की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications