कैमरे के पीछे क्या करती थी रामायण की टीम, दीपिका चिखलिया ने तस्वीर ट्वीट कर बताया
मुंबई। देशव्यापी लॉकडाउन के बीच दर्शकों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर रामायण का प्रसारण किया गया। शो लोगों को इतना पसंद आया कि डीडी नेशनल पहले स्थान पर आ गया। शो के शुरू होने के बाद से लोग सीरियल से जुड़ी कही-अनकही बातें जानना चाहते हैं। सीरियल से जुड़े कलाकार भी कई दिलचस्प किस्से बता रहे हैं। इस बीच रामायण में सीता का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने लोगों को बताया है कि रामायण की शूटिंग के वक्त कैमरे के पीछे क्या-क्या होता था।

पर्दे के पीछे की तस्वीर शेयर की
दीपिका चिखलिया ने सोशल मीडिया पर 'रामायण' की शूटिंग के दौरान पर्दे के पीछे की तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में दीपिका के साथ अरुण गोविल और रामानंद सागर भी दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर को शेयर करते हुए दीपिका ने कैप्शन में लिखा है, 'कैमरे के पीछे।'

तस्वीर में कई कलाकार दिख रहे हैं
तस्वीर में रामानंद सागर किताब से पढ़कर दीपिका और अरुण गोविल को कुछ समझा रहे हैं। इन तीनों के पीछे लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का किरदार निभाने वाले कलाकार खड़े हैं। तस्वीर को देखकर लग रहा है कि ये सभी जंगल में हैं।

अभी 'उत्तर रामायण' दिखाया जा रहा है
बता दें दीपिका शो के प्रसारण के बाद से कुछ न कुछ 'रामायण' से जुड़ा पोस्ट करती रहती हैं। टीवी पर 'रामायण' का दोबारा प्रसारण 28 मार्च से शुरू हुआ था। 'रामायण' के खत्म होने के बाद अब उसके आगे की कड़ी 'उत्तर रामायण' दिखाया जा रहा है। 'रामायण' का आखिरी एपिसोड टेलीकास्ट होने के बाद अभिनेत्री ने एक भावुक पोस्ट भी की थी।

दीपिका ने की थी भावुक पोस्ट
दीपिका ने पोस्ट में लिखा था, 'ये कभी खत्म नहीं होगा। इसने आपको जिंदगी जीने का तरीका सिखाया.. जिंदगी ऐसे ही आगे बढ़ती जाएगी। घर पर रहिए और सुरक्षित रहिए।' अपने इस पोस्ट में दीपिका ने जहां 'रामायण' से मिली सीख को जीवन में उतारने की बात कही थी, तो वहीं लॉकडाउन के दौरान घर पर रहने की बात भी कही थी। जानकारी के लिए बता दें दूरदर्शन पर इस समय महाभारत और शक्तिमान जैसे पुराने सीरियल्स भी दिखाए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications