TripleTalaqBill: कांग्रेस समेत अन्य दलों से हो रही है बात, बुधवार को पेश हो सकता है विधेयक- अनंत कुमार
नई दिल्ली। इंस्टैंट तीन तलाक से जुड़ा विधेयक जो आज राज्यसभा में पेश किया जाने वाला था वो अब कल यानी 3 जनवरी को होगा। यह जानकारी संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने दी। उन्होंने आज संसद के बाहर पत्रकारों से कहा कि 'हम कांग्रेस और अन्य दलों से तीन तलाक बिल पर बात कर रहे हैं। उम्मीद है कि राज्य सभा में बिल पास होने से कोई स्पष्ट रास्ता निकलेगा। बिल कल पेश हो सकता है।' विधेयक पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जिस तरह से लोकसभा में तीन तलाक बिल का विधेयक पा हुआ था, ऐसे ही राज्यसभा में सकारात्मक और निर्णायक बहस होगी। उम्मीद है कि इसमें कांग्रेस मदद करेगी। वहीं आज कांग्रेस ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद की अध्यक्षता में बैठक की। गौरतलब है कि कांग्रेस पहले ही मांग कर चुकी है कि इस विधेयक की कमियों को दूर करने के लिए स्थायी कमेटी के पास भेजा जाए।

बिल स्थायी कमेटी को भेजा जाए
द्रमुक मुनेत्र कड़गम (DMK) सांसद कनिमोझी ने भी कहा कि बिल के स्टैंडिंग कमेटी के पास भेजा जाना चाहिए। सीपीआई सांसद डी राजा ने कहा कि यह बिल आज के लिए सूची बद्ध हुआ था। जहां तक वाम दलों की बात है, हमारी मांग होगी कि बिल स्थायी कमेटी को भेजा जाए।

AIMPLB ने जताया था एतराज
गौरतलब है कि तीन तलाक के खिलाफ लोकसभा में बिल पास होते ही ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल बोर्ड ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी, उसने इस बिल को सुप्रीम कोर्ट में चैलेंज करने की बात कही थी। इस कानून की कुछ बातों पर उसे सख्त एतराज है।

AIMPLB ने लिखा था खत
इससे पहले ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अध्यक्ष मौलाबा राबे हसन नदवी ने पीएम मोदी को एक खत लिखा था जिसमें उन्होंने कहा था कि 'इस कानून को बनाने में पर्सनल लॉ बोर्ड और महिला संगठनों की भी राय ली जानी चाहिए थी, इस बिल में पति को 3 साल की सजा होने पर बीवी को गुजारा भत्ता नहीं मिल पाएगा, इसलिए ये महिला विरोधी है, उन्हें ये बिल बनाने से पहले कम से कम हमसे एक बार पूछना तो चाहिए था।












Click it and Unblock the Notifications