भारत में कोरोना वैक्सीन के ट्रायल को लगा बड़ा झटका, DCGI के अगले निर्देश तक लगी रोक
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी से बचाव के लिए तैयार की जा रही ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन को एक बड़ा झटका लगा है। ब्रिटेन की फार्मास्यूटिकल कंपनी एस्ट्राजेनेका की कोरोना वायरस वैक्सीन के ह्यूमन ट्रायल के दौरान एक वालंटियर में अनपेक्षित बीमारी के लक्षण दिखने के बाद कई देशों में इसके परीक्षण को रोक दिया है। वहीं, भारत में भी अब ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) के अगले निर्देश तक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) ने देश में 17 अलग-अलग साइटों पर किए जा रहे COVID-19 वैक्सीन परीक्षणों को रोक दिया है।
Recommended Video

सीरम इंस्टीट्यूट ने की पुष्टि
सीरम इंस्टीट्यूट ने खुद अपने एक बयान में वैक्सीन के ट्रायल को रोके जाने की जानकारी दी है। एसआईआई ने कहा, हम स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं और भारत में वैक्सीन के ट्रायल को तब तक के लिए रोक रहे हैं जब तक एस्ट्राजेनेका अपना ट्रायल शुरू नहीं करता। हम ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DGCI) के निर्देशों का पालन कर रहे हैं और परीक्षणों पर आगे टिप्पणी नहीं कर पाएंगे।

जारी हो चुका है कारण बताओ नोटिस
बता दें कि एसआईआई का यह फैसला डीसीजीआई द्वारा वैक्सीन बनाने वाले को कारण बताओ नोटिस जारी करने के एक दिन बाद आया है। क्योंकि एसआईआई ने अन्य देशों द्वारा वैक्सीन के ट्रायल पर रोक लगाने के बावजूद भी भारत में परीक्षण जारी रखा था। डीसीजीआई ने नोटिस में पूछा था कि भारत में अभी तक वैक्सीन के ट्रायल को क्यों नहीं रोका गया जबकि वालंटियर में अनपेक्षित बीमारी के लक्षण दिखने के बाद कई देशों की कंपनियों ने इस पर पहले ही रोक लगा दी थी।

दुनियाभर में ट्रायल पर लगी रोक
गौरतलब है कि फार्मास्यूटिकल कंपनी एस्ट्राजेनेका यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के साथ मिलकर कोविड के लिए वैक्सीन बना रही है। अब तक यह वैक्सीन दुनिया भर में तैयार की जा रही वैक्सीन के ट्रायल में सबसे आगे थी लेकिन फिलहाल इसके परीक्षण पर अब रोक लगा दी गई है। इस पर बीते दिनों यूके में ट्रायल रोके जाने पर सीरम इंस्टीट्यूट की ओर से कहा गया था कि वो वहां के ट्रायल को लेकर कमेंट नहीं करेंगे। इंस्टीट्यूट की ओर से कहा गया है कि यूके में भी समीक्षा के लिए ट्रायल रुका है और जल्द ही शुरू हो जाएगा। जहां तक भारत की बात है तो यहां कोई दिक्कत नहीं है और ट्रायल लगातार जारी है।

इसलिए रुका है ट्रायल
वैक्सीन की दौड़ में सबसे आगे चल रहे ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन कोवीशील्ड के फेज-3 ट्रायल्स पर अस्थायी तौर पर रोक लगाई गई है। दरअसल, एक वॉलंटियर बीमार हो गया है। यह समझ नहीं आ रहा है कि यह वैक्सीन के शॉट का साइड इफेक्ट है या इसकी कोई और वजह है। इसको देखते हुए ट्रायल रोके गए हैं और एस्ट्राजेनेका ने मामले की जांच शुरू की है।
यह भी पढ़ें: गुजरात: 22 विधायकों के बाद अब 6 सांसद भी कोरोना से ग्रस्त, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पाटिल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई












Click it and Unblock the Notifications