जम्मू कश्मीर: सेना ने पुलवामा के त्राल में ढेर किए दो आतंकी, एनकाउंटर अभी जारी
त्राल। जम्मू कश्मीर के त्राल में इस समय सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एनकाउंटर जारी है। त्राल, दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में आता है। इस एनकाउंटर में अब तक दो आतंकियों के मारे जाने की खबरें हैं। एनकाउंटर सोमवार देर रात से जारी है। आतंकी एक घर में छिपे हुए थे। बताया जा रहा है कि अभी एक आतंकी घर के अंदर है। एनकाउंटर तब शुरू हुआ जब त्राल के मीर मोहल्ला में सेना को एक घर में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी।

आतंकियों का सफाया करने के मकसद से सेना और सुरक्षाबलों ने इस इलाके को घेर लिया था। इसके बाद आतंकियों की ओर से सुरक्षाबलों पर फायरिंग हुई और एनकाउंटर शुरू हो गया। इस एनकाउंटर से पहले कुपवाड़ा में तीन दिनों तक एनकाउंटर चला था। इस एनकाउंटर में पांच जवान शहीद हो गए थे जिसमें तीन सीआरपीएफ के और दो जम्मू कश्मीर पुलिस के जवान थे। एनकाउंटर में दो आतंकियों को भी ढेर कर दिया गया था। सेना के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया की ओर से बताया गया था एनकाउंटर खत्म होने के बाद भी सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications