देश में एक दिन के भीतर मिले Coronavirus के 16375 नए मामले, एक्टिव केस 2.31 लाख हुए
नई दिल्ली। Coronavirus in India: देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में बीते कुछ दिनों से कमी देखने को मिल रही है। लेकिन संक्रमण का खतरा अब भी पूरी तरह टला नहीं है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में एक दिन के भीतर कोविड-19 के 16,375 नए मामले, 29,091 रिकवरी और 201 मौत दर्ज की गई हैं। अब देश में कुल मामलों की संख्या 1,03,56,845 हो गई है, जिसमें 2,31,036 सक्रिय मामले, 99,75,958 रिकवरी और 1,49,850 मौत शामिल हैं।
Recommended Video

देश में सरकार ने दो वैक्सीन को भी मंजूरी दे दी है, इनमें से एक है ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन कोविशील्ड, जिसका निर्माण भारत में पुणे स्थित कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया कर रही है। वहीं दूसरी वैक्सीन है कोवैक्सीन। जिसे भारत बायोटेक कंपनी और आईसीएमआर ने मिलकर विकसित किया है। देश में पहले चार राज्यों में ड्राई रन का आयोजन 28 और 29 दिसंबर को किया गया था। इसके बाद 2 जनवरी को देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ड्राई रन का आयोजन हुआ। सरकार ने 83 करोड़ सिरिंज की खरीद के आदेश भी दे दिए हैं, इसके अलावा अलग से 35 करोड़ सिरिंज के लिए बोलियां आमंत्रित की गई हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि अब देश में जल्द ही टीकाकरण अभियान शुरू हो जाएगा।
वहीं कोरोना वायरस के उस नए स्ट्रेन की बात करें जिसके मामले सबसे पहले ब्रिटेन में सामने आए थे, तो भारत में इसके अब तक 38 मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार को इस बात की जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधिकारियों ने दी है। इन लोगों को अलग-अलग जगह सिंगल रूम आइसोलेशन में रखा गया है और इनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। कोरोना वायरस के इस नए स्ट्रेन B.1.1.7 को अधिक तेजी से फैलने वाला बताया जा रहा है। क्योंकि इसके मामले जितने सोचे जा रहे थे, उससे कहीं अधिक सामने आ रहे हैं। यूके में सरकार इससे बचाव के लिए कई सख्त कदम तक उठा रही है।












Click it and Unblock the Notifications