देश में 24 घंटों के भीतर सामने आए Coronavirus के 19078 नए केस, 99 लाख से अधिक हुई रिकवरी
नई दिल्ली। Coroanvirus in India: भारत में एक दिन के भीतर कोरोना वायरस के 19,078 नए मामले, 22,926 रिकवरी और 224 मौत दर्ज की गई हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का कहना है, देश में अब कुल मामलों की संख्या 1,03,05,788 हो गई है, जिसमें 99,06,387 रिकवरी, 2,50,183 सक्रिय मामले और 1,49,218 मौत शामिल हैं। इस बीच देश में वैक्सीनेशन को लेकर तैयारी तेज हो गई है। आज देशभर में ड्राई रन का आयोजन हो रहा है।
Recommended Video

आपको बता दें आज देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 वैक्सीन के ड्राई रन का आयोजन हो रहा है। ये आयोजन 116 जिलों में 259 साइट्स पर किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन भी वैक्सीन के ड्राई रन ड्रिल की समीक्षा करने के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचे हैं। इस ड्राई रन के जरिए कोरोना वायरस के टीकाकरण को लेकर जो तैयारियां की गई हैं, उनका पता चलेगा। ताकि वक्त रहते किसी तरह की कमी में सुधार किया जा सके।
भारत में फिलहाल सीरम इंस्टीट्यूट द्वारा बनाई जा रही ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की कोविड-19 वैक्सीन को सरकार के विशेषज्ञों के पैनल ने मंजूरी के लिए ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया को भेज दिया है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया कोविशील्ड नाम की वैक्सीन बना रहा है, जिसे ऑक्सफॉर्ड यूनिवर्सिटी और फार्मा कंपनी एस्ट्राजेनेका ने विकसित किया है। वहीं भारत बायोटेक और आईसीएमआर ने साझेदारी कर कोवैक्सीन नामक वैक्सीन विकसित की है। इसके अलावा सरकार ने 83 करोड़ सिरिंज की खरीद का आदेश भी दे दिया है। और अलग से 35 करोड़ सिरिंग के लिए बोलियां आमंत्रित की हैं। सरकार का कहना है कि जल्द ही देश में बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान शुरू किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications