पार्टी बैठक में भड़के अमित शाह ने कहा, ये मनमोहन सिंह की सरकार नहीं है
अमित शाह अपना आपा खो बैठे और सीधे शब्दों में कहा कि ये सरकार मनमोहन सिंह की सरकार नहीं है। देश बदलने के लिए कठोर फैसले करने होते हैं।
नई दिल्ली। गुरुवार को भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में अध्यक्ष अमित शाह ने नोटबंदी को कामयाब बनाने की अपील की। अमित शाह ने कहा कि सरकार में बैठने वाले लोग वरिष्ठ हैं। उन्होंने सोच-समझ कर फैसला किया है और अब इसे जनता तक ले जाने की जिम्मदारी हमारी है। सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक इस बैठक में चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

कुछ नेताओं ने कहा कि चुनाव वाले राज्यों में लोगों को नकदी नहीं मिल पा रही है। नोटबंदी की वजह से पीएम मोदी के साथ-साथ पार्टी की छवि भी धूमिल हो रही है। इसलिए सरकार को लोगों का विश्वास जीतने के लिए नोटबंदी से होने वाली दिक्कतों में तेजी से सुधार करना होगा। इसपर अमित शाह अपना आपा खो बैठे और सीधे शब्दों में कहा कि ये सरकार मनमोहन सिंह की सरकार नहीं है। देश बदलने के लिए कठोर फैसले करने होते हैं।
इस बैठक में मौजूद ज्यादातर नेताओं ने पीएम मोदी के इस फैसले का समर्थन किया। हालांकि उन्होंने थोड़ी तकलीफ होने की बात स्वीकार किया। अमित शाह ने कहा कि पार्टी को जो जनादेश मिला है, वह लोगों के लिए सिर्फ वैसा करने के लिए नहीं है, जो केवल अच्छा दिखे, बल्कि ऐसा करने के लिए है, जो लोगों के लिए वाकई अच्छा है। अमित शाह ने नोटबंदी के फैसले को 'दूरदर्शी' कदम बताया, जिसमें भारतीय अर्थव्यवस्था की मूल चीजों को बदलने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक इच्छाशक्ति झलकती है।












Click it and Unblock the Notifications