Modi Ministers List: वो चार 'कांग्रेसी', जो अबकी बार मोदी सरकार में बने मंत्री, एक ने गिराई थी कांग्रेस सरकार
Modi Cabinet Ministers List 2024: देश में लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बन गई। 9 जून 2024 की शाम को राष्ट्रपति भवन दिल्ली में नरेंद्र मोदी व 71 मंत्रियों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली।
मोदी सरकार 2024 में चार मंत्री ऐसे हैं, जो कभी कांग्रेस में हुआ करते थे। फिर पाला बदला और कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा में आ गए। यहीं नहीं बल्कि मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी बन गए।

वो 'कांग्रेसी' जो भाजपा में आकर केंद्रीय मंत्री बन गए, उनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद, रवनीत सिंह बिट्टू व राव इंद्रजीत सिंह का नाम शामिल है। इनमें से एक तो ऐसे हैं, जिनकी वजह से कांग्रेस की सरकार तक गिर गई थी।
रवनीत सिंह बिट्टू, लुधियाना पंजाब (Ravneet Singh Bittu, Ludhiana, Punjab)
मोदी सरकार 2024 में सबसे चौंकाने वाले मंत्री का नाम रवनीत सिंह बिट्टू है, जो कांग्रेस से तीन बार सांसद रहे हैं। इस बार पंजाब के लुधियाना से भाजपा की टिकट पर लोकसभा चुनाव हार गए थे। इसके बावजूद केंद्रीय मंत्री बनाए गए हैं। रवनीत सिंह साल 2009 में आनंदपुर साहिब, 2014 और 2019 में लुधियाना से कांग्रेस सांसद बन चुके हैं। साल 2024 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ गए थे।
ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद गुना मध्य प्रदेश (Jyotiraditya Scindia, MP, Guna, Madhya Pradesh)
मोदी सरकार 2024 में केंद्रीय मंत्री बने ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना सीट से साल 2002 से 2014 तक चार बार कांग्रेस सांसद रहे। साल 2018 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस के कमलनाथ की सरकार बनी थी। सिंधिया बनने वालों की दौड़ में थे। साल 2020 में सिंधिया ने बगावत कर दी और कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली। सिंधिया की बगावत के कारण कमलनाथ की सरकार गिर गई थी।
जितिन प्रसाद, सांसद पीलीभीत उत्तर प्रदेश (Jitin Prasad, MP Pilibhit, Uttar Pradesh)
मोदी सरकार 2024 में केंद्रीय मंत्री बने जितिन प्रसाद तो वो शख्स हैं, जो कांग्रेस सरकार में भी मंत्री रहे थे। जितिन प्रसाद ने साल 2001 में भारतीय युवा कांग्रेस के साथ महासचिव के रूप में राजनीतिक करियर शुरू किया था। साल 2004 में पहला चुनाव जीता और 14वीं लोकसभा में अपने निर्वाचन क्षेत्र शाहजहांपुर से सांसद चुने गए।
साल 2009 में लखीमपुर खीरी के धौरहरा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। 2014 के चुनाव में मोदी लहर के चलते उनको हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस की नीतियों से क्षुब्ध होकर जितिन प्रसाद ने 9 जून, 2021 को कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली।
राव इंद्रजीत सिंह, सांसद गुरुग्राम, हरियाणा (Rao Inderjit Singh, MP, Gurugram, Haryana)
गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत सिंह कभी कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेताओं में शामिल रहे। ये 6 बार सांसद और 4 बार के विधायक भी चुने गए। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीजेपी का दामन थाम लिया था।
इनके पिता राव बीरेंद्र सिंह 1967 में हरियाणा के दूसरे मुख्यमंत्री रहे थे और उन्होंने विशाल हरियाणा पार्टी नाम की पार्टी बनाई थी, जिसका बाद में कांग्रेस में विलय हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications