IB और CIA की ओर से दी गई थी IM के हमले की चेतावनी
जयपुर। शुक्रवार को जैसे ही यह खबर आई कि राजस्थान के मंत्रियों को ई-मेल कर धमकी दी गई है कि 26 जनवरी को इंडियन मुजाहिद्दीन की ओर से आतंकी हमले की धमकी दी गई है तो हर कोई सन्न रह गया।

ओबामा होंगे मुख्य मेहमान
इस वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा अपनी दूसरी भारत यात्रा पर आ रहे हैं। ऐसे में एजेंसियों और पुलिस का सतर्क होना लाजिमी था। दोनों की ओर से ही इस मसले की जांच शुरू कर दी
गई है। एजेंसियां और पुलिस अब इस बात की जांच कर रही हैं कि जो ई-मेल राजस्थान के मंत्रियों को भेजा गया वह कहां से आया था।
एजेंसियों ने शुरू की जांच
जो ई-मेल मंत्रियों को भेजा गया है और जो चेतावनी इंटेलीजेंस ब्यूरो की ओर से कुछ दिनों पहले जारी की गई थी, वह दोनों एक ही प्रकृति के नजर आ रहे हैं। न सिर्फ आईबी बल्कि सीआईए की ओर से भी इसी तरह की चेतावनी अमेरिकी नागरिकों को दी गई थी कि वह राजस्थान जाते समय सतर्क रहे क्योंकि आतंकी संगठन उन्हें अपना निशाना बना सकते हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति ओबामा 26 जनवरी को भारत में होंगे। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि आतंकी ऐसे समय में भारत को पूरी दुनिया के सामने शर्मिंदा करने के लिए कुछ ऐसी हरकत करें जो उन्हें फायदा पहुंचा दे। भारतीय इंटेलीजेंस एजेंसी आईबी और अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए की ओर से यह चेतावनी दी गई थी।
कहीं शरारत तो नहीं ई-मेल
फिलहाल एजेंसिया ई-मेल की जांच कर रही हैं जो राजस्थान सरकार के मंत्रियों को भेजा गया है। राजस्थान सरकार की ओर से इस बात की पुष्टि की गई है कि उनके 16 मंत्रियों को इस तरह की धमकी भरा एक ई-मेल आया है। अभी यह जांच करनी बाकी है कि ये ई-मेल वाकई किसी आतंकी संगठन की ओर से भेजे गए हैं या फिर किसी की कोई शरारत है।
इंटेलीजेंस ब्यूरो से जुड़े सूत्रों की मानें तो इस धमकी को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लिया जा सकता है और पुलिस इसकी तक तक जाने की कोशिश कर रही है। राजस्थान देश के कुछ सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है।
ऐसे में इस बात की आशंका है कि आतंकी यहां पर आने वाले विदेशी मेहमानों को बंधक बनाने जैसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। आईबी की मानें तो यह लोकप्रिय पर्यटन स्थल होने की वजह से यहां पर इस तरह की घटना तुरंत अंतराष्ट्रीय स्तर पर आतंकियों को सुर्खियों में ला सकती है।
2008 में IM ने दहलाया था जयपुर को
मई 2008 में राजस्थान की गुलाबी नगरी जयपुर ने सबसे खतरनाक ब्लास्ट्स का नजारा देखा है। आईएम की ओर से भीड़भाड़ वाले इलाके में अंजाम दिए गए इन हमलों में कई लोगों की जानें चली गई थीं।
इसके बाद जब कुछ माह पहले पुलिस ने आईएम के ऑपरेटिव तहसीन अख्तर और उसके साथियों को गिरफ्तार किया था तो उस समय भी एक बड़ा अलर्ट घोषित किया गया था। उस समय हुई गिरफ्तारियों में सामने आया था कि आतंकी पैलेस ऑन व्हील्स को निशाना बना सकते हैं।
वहीं इस बात के भी सुबूत मिले हैं कि आईएसआईएस के समर्थन वाले संगठन अंसार-उल-तवाहिद राजस्थाना से युवाओं की भर्ती कर रहा है। यह जांचकर्ताओं के लिए अहम सुराग था क्योंकि भारतीय ऑपरेटिव सुल्तान अरमार राजस्थान से लोगों की भर्ती कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications