मुजफ्फरपुर रेप कांड आरोपी की लालू यादव के साथ फोटो पर तेजस्वी ने तोड़ी चुप्पी
पटना। मुजफ्फपुर के शेल्टर होम में 34 बच्चियों के साथ रेप के मामले में मुख्य आरोपी की नीतीश कुमार और सुशील मोदी के तस्वीरों पर तेजस्वी यादव ने हमला बोला है। बिहार में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि जिस तरह से मुख्यमंत्री के साथ मुख्य आरोपी की तस्वीरें देखकर साफ है कि इसे सत्ता से संरक्षण मिल रहा है। यादव ने कहा कि जानबूझकर जांच में देरी की जा रही है और मामले को कमजोर किए जाने की कोशिश की जा रही है।

ब्रजेश ठाकुर की लालू यादव के साथ फोटो पर तेजस्वी यादव ने कहा है कि वो फोटो 1990 का है जब ब्रजेश एक रिपोर्टर था, कोई एनजीओ नहीं चलाता था। इस तरह के पुराने फोटो सामने लाकर मामले से लोगों को ध्यान भटकाया जा रहा है। तेजस्वी ने कहा कि इधर-उधर की बात छोड़कर मुख्यमंत्री को इस पर अपना स्टैंड बताना चाहिए। तेजस्वी ने बताया है कि 4 अगस्त को बिहार और दिल्ली में राजद मुजफ्फरपुर मामले को लेकर धरना प्रदर्शन करेगी।
तेजस्वी ने गुरूवार को ट्वीट कर भी नीतीश को निशाने पर लिया है। उन्होंने ट्वीट किया 'मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुज़फ़्फ़रपुर बलात्कार कांड पर मुँह खुलवा कर रहूँगा. उनकी आपराधिक चुप्पी तुड़वा कर रहूँगा. उनकी कुंभकर्णी अंतरात्मा को जगा कर रहूँगा. उनकी फर्ज़ी नैतिकता उजागर करके रहूँगा. उनका बनावटी मुखौटा उतार कर रहूँगा. चाहे जो समय लगे।'
मुजफ्फरपुर बालिका गृह रेप मामले में विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर हमला बोल रहा है। इस मुद्दे पर गुरुवार को वामदलों ने बिहार बंद किया है। वहीं, बिहार बंद को आरजेडी और दूसरे विपक्षी दलों ने समर्थन किया है।












Click it and Unblock the Notifications