PM मोदी ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षकों से की बात, कहा- उनकी भूमिका ही रोशनी दिखाती है
नई दिल्ली, 05 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षक दिवस के मौके पर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षकों के साथ बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि एक शिक्षक की भूमिका ही एक व्यक्ति को रोशनी दिखाने की होती है, वो सपने बोता है। युवा दिमाग को आकार देने के लिए हम शिक्षकों के आभारी हैं।

'मैं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त सभी शिक्षकों को बहुत-बहुत बधाई देता'
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षकों के साथ बातचीत करते हुए पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमारे शिक्षकों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति तैयार करने में बड़ी भूमिका निभाई है। आज जब देश आजादी के अमृतकाल के अपने विराट सपनों को साकार करने में जुट चुका है, तब शिक्षा के क्षेत्र में राधाकृष्णन जी के प्रयास हम सभी को प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर मैं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त सभी शिक्षकों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
हमारे वर्तमान राष्ट्रपति भी शिक्षक- मोदी
ये हमारा सौभाग्य है कि हमारे वर्तमान राष्ट्रपति भी शिक्षक हैं। उनका जीवन का प्रारंभिक काल शिक्षक के रूप में बीता। देश भी आज नए सपने, नए संकल्प लेकर एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है कि आज जो पीढ़ी है, जो विद्यार्थी अवस्था में हैं, 2047 में हिंदुस्तान कैसा बनेगा ये उन्हीं पर निर्भर होने वाला है। उनका जीवन आप शिक्षकों के हाथ में है। 2047 में देश गढ़ने का काम आज जो वर्तमान में शिक्षक हैं, आने वाले 10-20 साल तक जो सेवाएं देने वाले हैं, उनके हाथ में है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति बनाने में हमारे टीचर्स का बहुत बड़ा रोल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications