Tamilnadu Exit Poll: तमिलनाडु में डीएमके की आंधी में कमल हासन का क्या हुआ?
चेन्नई, अप्रैल 29: साउथ के दो बड़े सुपरस्टार रजनीकांत और कमल हासन ने इस बार तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया था। शुरू में रजनीकांत ने माहौल तो बनाया लेकिन बाद में स्वास्थ्य कारणों ने उन्होंने अपने कदम पीछे खींच लिए, लेकिन कमल हासन अपनी पार्टी मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) के साथ मैदान में डटे रहे। साथ ही जनता के लिए कई लुभावने वादे किए, लेकिन डीएमके की आंधी में वो पूरी तरह से उखड़ते नजर आ रहे हैं।

दरअसल जब रजनीकांत ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया, तो कमल हासन टेंशन में आ गए थे, क्योंकि उन्हें वोट बैंक में सेंधमारी का खतरा सताने लगा था। बाद में जब रजनी पीछे हटे तो MNM ने 180 सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए। इसके अलावा उनके सहयोगी आईजेके 37 और एआईएसएमके 3 सीटों पर चुनाव मैदान में हैं। अब इंडिया टुडे-Axis के एग्जिट पोल में कमल हासन की पार्टी MNM और उसके सहयोगियों को कुल 4% के करीब वोट मिलते दिख रहे हैं। इसके अलावा उन्हें सिर्फ 0-2 सीटें ही मिलने की उम्मीद है।
किसकी बनेगी सरकार?
वैसे इस बार बीजेपी को उम्मीद थी कि उसका गठबंधन तमिलनाडु में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगा, लेकिन वहां पर एमके स्टालिन का जादू चलता दिख रहा है। इंडिया टुडे-Axis के एग्जिट पोल के मुताबिक डीएमके को 175-195 सीटें मिल सकती हैं। वहीं सत्ताधारी AIDMK और उसके गठबंधन के खाते में सिर्फ 38-54 सीटें ही आती दिखाई दे रहीं।

2016 में ऐसा था रिजल्ट
तमिलनाडु में 2016 के विधानसभा चुनाव में जनता ने जयललिता को गद्दी सौंपी, जहां पर AIDMK को 135 सीटों पर विजय हासिल हुई, जबकि DMK 88 सीटों पर सिमट गई। पिछले चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन सबसे खराब रहा, जहां उसका खाता भी नहीं खुला। वहीं कांग्रेस ने सिर्फ 8 सीटों पर कब्जा जमाया था।












Click it and Unblock the Notifications