तमिलनाडु को छोड़ बाकी सब जगह पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर, जानें आज के रेट
नई दिल्ली, 14 अगस्त: लॉकडाउन के बाद से पेट्रोल-डीजल के दामों में आग लगी है। जिस वजह से ज्यादातर राज्यों में पेट्रोल 100 रुपये के ऊपर बिक रहा। इस बीच तमिलनाडु सरकार ने जनता को राहत देते हुए पेट्रोल पर 3 रुपये की कटौती की घोषणा की। जिस वजह से अब चेन्नई में पेट्रोल घटकर 99.47 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल के दाम अपरिवर्तित रहे, जो शनिवार को 94.39 रुपये प्रति लीटर पर बेचा जा रहा।
Recommended Video

संशोधित बजट में ऐलान
तमिलनाडु के वित्त मंत्री पलानीवेल थियागा राजन ने 13 अगस्त को विधानसभा में 2021-22 के लिए संशोधित बजट पेश किया था। उस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे सदन को ये बताते हुए खुशी हो रही है कि इस सरकार ने पेट्रोल पर कर की प्रभावी दर 3 रुपये प्रति लीटर कम करने का फैसला किया है। इससे राज्य के मेहनतकश मजदूर और जनता को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि इस फैसले से राज्य सरकार को 1160 करोड़ रुपये का सालाना राजस्व नुकसान होगा।

बाकी शहरों का क्या है हाल?
वहीं दूसरी ओर देश के अन्य हिस्सों में पेट्रोल की कीमतों में लगातार 28वें दिन कोई बदलाव नहीं हुआ। नई दिल्ली में पेट्रोल 101.84 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि डीजल के दाम 89.87 रुपये प्रति लीटर हैं। मुंबई में भी पेट्रोल के दाम अपरिवर्तित रहे। जिस वजह से वो 107.83 रुपये प्रति लीटर बिक रहा, जबकि डीजल के दाम 97.45 रुपये प्रति लीटर हैं। कोलकाता में भी ईंधन की कीमतें अपरिवर्तित हैं। वहां पर पेट्रोल और डीजल क्रमश: 102.08 रुपये और 93.02 रुपये है।

सबसे ज्यादा कहां पर टैक्स
आपको बता दें कि वैट और माल ढुलाई शुल्क जैसे स्थानीय करों को राज्य सरकार निर्धारित करती हैं। इसी वजह से सभी राज्यों में ईंधन की कीमतें अलग-अलग होती हैं। मौजूदा वक्त में राजस्थान में सबसे ज्यादा वैट लग रहा है। इसके बाद मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का स्थान आता है। केंद्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक अभी 15 राज्यों में पेट्रोल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा है।












Click it and Unblock the Notifications