तमिलनाडु: चेन्नई समेत कई जिलों में फिर भारी बारिश का अनुमान, रेड अलर्ट जारी
चेन्नई, 17 नवंबर: तमिलनाडु में राजधानी चेन्नई समेत कई जिलों में बीते हफ्ते लगातार हुई बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतरा हुआ है। बारिश रुकने के बाद अभी लोगों ने ठीक से राहत की सांस भी नहीं ली है कि एक बार फिर कई जिलों में मूसलाधार बारिश की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। तमिलनाडु के मौसम विभाग ने गुरुवार (18 नवंबर) को चेन्नई और आसपास एक बार फिर भारी बारिश का अनुमान जताया है।

इन जिलों में कल भारी बारिश
मौसम विभाग चेन्नई के डीडीजीएम डॉ. एस. बालचंद्रन ने कहा है कि कल तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेन्नई और रानीपेट में अत्यधिक भारी वर्षा का अनुमान है क्योंकि कोस्ट के पास कम दबाव का क्षेत्र होगा। रामनाथपुरम और थूथुकुडी में भारी से बहुत भारी वर्षा की बात उन्होंने कही है।
तिरुवन्नामलाई, कल्लाकुरिची, सेलम, पेरम्बलुर, तिरुचिरापल्ली, करूर, तंजावुर, तिरुवरुर, पुदुक्कोट्टई, डिंडीगुल, मदुरै, थेनी, शिवगंगा, विरुधुनगर, तेनकासी में भारी वर्षा का अनुमान है। इसके अलवा राज्य के दूसरे जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। भारी बारिश के अनुमान के चलते चेन्नई सहित आसपास के जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
Recommended Video

मछुआरों को तट पर ना जाने की सलाह
मौसम विभाग ने बताया है कि चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में अगले दो दिनों में चक्रवाती तूफान भी आ सकता है, यहां 40 किमी प्रति घंटे से 50 किमी प्रति घंटे तक की गति से हवाएं चलेंगी। चक्रवाती तूफान निम्न दबाव के साथ बंगाल की खाड़ी से दक्षिण आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु तट तक पहुंचेगा।
तेज बारिश के अनुमान को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को 18 तारीख से पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र के तट में नहीं जाने की सलाह डॉ. एस. बालचंद्रन ने दी है।

राज्य में बारिश ने जनजीवन पटरी से उतारा
तमिलनाडु में चेन्नई और आसपास के जिलों में भारी बारिश के बाद जलभराव और बाढ़ के हालात हैं। जिसके चलते हजारों लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने चेन्नई समेत बाढ़ प्रभावित कई इलाकों का निरीक्षण भी किया है। स्टालिन ने क्षतिग्रस्त फसलों के लिए 20,000 रुपए प्रति हेक्टेयर के मुआवजे की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications