UN में अब सैयद अकबरुद्दीन की जगह टीएस त्रिमूर्ति संभालेंगे भारत की जिम्मेदारी
नई दिल्ली। यूनाइटेड नेशंस (यूएन) में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन अब रिटायर होने वाले हैं। उनकी जगह अब टीएस त्रिमूर्ति यह जिम्मा संभालेंगे। त्रिमूर्ति इससे पहले विदेश मंत्रालय में सचिव के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। बुधवार को विदेश मंत्रालय की तरफ से उनकी नियुक्ति पर मोहर लगाई गई है।
Recommended Video

साल 2016 में बने थे राजदूत
साल 1985 के विदेश सेवा अफसर (आईएफएस) त्रिमूर्ति, सैयद अकबरुद्दीन के उत्तराधिकारी हैं जिन्होंने यूएन के न्यूयॉर्क स्थित हेडक्वार्टर पर कई संवदेनशील मुद्दों पर भारत की स्थिति प्रभावी तरीके से पेश किया है। जनवरी 2012 से जनवरी 2015 तक अकबरुद्दीन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता थे और जनवरी 2016 में उन्हें यूएन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी। अकबरुद्दीन को एक ऐसे भारतीय राजनयिक के तौर पर हमेशा याद रखा जाएगा जिन्होंने जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को यूएन में ग्लोबल आतंकी के तौर पर लिस्टेड करवाने में अहम भूमिका अदा की थी। इसके अलावा जब-जब चीन ने यूएन में कश्मीर का मुद्दा उठाने की कोशिश की तो उन्होंने उस कोशिश को भी फेल कर दिया। विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, 'त्रिमूर्ति अब यूएन के स्थायी मिशन में भारत के अगले राजदूत होंगे और न्यूयॉर्क में अपनी सेवाएं देंगे।'
कुछ और नियुक्तियों को भी मंजूरी
त्रिमूर्ति अभी दिल्ली में विदेश मंत्रालय में आर्थिक मामलों के विभाग में बतौर सचिव अपनी जिम्मेदारी निभा रहे है। विदेश मंत्रालय में कुछ और नियुक्तियां की गई हैं। फिलीपींस में भारत के राजदूत जयदीप मजूमदार अब ऑस्ट्रिया में बतौर राजदूत अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ज्वाइंटन सेक्रेटरी दीपक मित्तल को कतर में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है और खाड़ी क्षेत्र में इस नियुक्ति को सबसे अहम माना जा रहा है। मित्तल इस समय विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान (पीएआई) डिविजन में बतौर ज्वाइंट सेक्रेटरी सेवाएं दे रहे हैं। वरिष्ठ राजनयिक पीयूष श्रीवास्तव को बहरीन में अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। पीयूष इस समय मंत्रालय में नेपाल और भूटान डिविजन में संयुक्त सचिव हैं। सरकार की तरफ से एक और वरिष्ठ राजनयिक नम्रता एस कुमार को स्लोवानिया को अगला राजदूत बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications