कश्मीर के मुद्दे को जहां ले जाना चाहता है ले जाए पाक, हम वहीं देंगे मुंहतोड़ जवाब: सैयद अकबरुद्दीन
नई दिल्ली। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को लेकर अंतरराष्ट्रीय कोर्ट का रुख करने का फैसला किया है। जम्मू-कश्मीर से भारत सरकार द्वारा आर्टिकल 370 हटाने के बाद से पाक बुरी तरह बौखलाया हुआ है। पाकि मीडिया के हवाले से खबर आई थी कि वह अंतरराष्ट्रीय कोर्ट में कश्मीर के मुद्दे को उठाएगा। वहीं, पाक के इस कदम पर संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने कहा कि पाकिस्तान जिस मंच पर इस मुद्दे को उठाएगा, हम जवाब देंगे।

पाक को देंगे मुंहतोड़ जवाब- अकबरुद्दीन
सैयद अकबरुद्दीन ने कहा कि हर देश को अपने सारे विकल्प आजमाने का अधिकार है, हमारे भी अलग तरह के दृष्टिकोण रहे हैं। पाकिस्तान जिस मंच पर कश्मीर का मुद्दा उठाएगा, हम उसका वहां मुंहतोड़ जवाब देंगे। अकबरुद्दीन ने कहा कि इसके पहले भी पाकिस्तान ने ऐसी कोशिश की है, लेकिन उनको कामयाबी नहीं मिली। उनका इशारा आईसीजे में कुलभूषण जाधव के मामले की तरफ था जहां आईसीजे ने जाधव को कांसुलर एक्सेस देने के पक्ष में फैसला दिया था और पाक को मुंह की खानी पड़ी थी।

पहले भी पाक ने की है ऐसी कोशिश, लेकिन उसे मुंह की खानी पड़ी है
इससे पहले पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भी कश्मीर का मुद्दा उठाया था। लेकिन इस मंच पर भी पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी थी। इस मामले पर पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने कहा था कि हमारी राष्ट्रीय स्थिति जो हमेशा से थी और आगे भी रहेगी और वह है कि मुद्दे जो आर्टिकल 370 और जम्मू कश्मीर से जुड़े हैं, पूरी तरह से भारत के आतंरिक मसले हैं। फिलहाल, चीन को छोड़कर पाकिस्तान को किसी भी देश से इस मुद्दे पर कोई आश्वासन नहीं मिला है। यहां तक कि मुस्लिम देश भी उसके साथ नहीं हैं।

आर्टिकल 370 हटाए जाने से बौखलाया पाक
बता दें कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को खत्म करने का ऐलान 5 अगस्त को किया था। गृहमंत्री अमित शाह ने सबसे पहले राज्यसभा में इसकी जानकारी देते हुए बताया था कि अब जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के साथ ही उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटा गया है। ये दो प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख होंगे।












Click it and Unblock the Notifications