तनुश्री को लेकर MNS की बिग बॉस को धमकी पर स्वरा भास्कर ने पूछा, 'गुंडों संग तस्वीर कौन खिंचवाता है?'
राज ठाकरे की पार्टी मनसे की यूथ विंग द्वारा बिग बॉस के मेकर्स को धमकी भरा खत देने पर एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने गुस्सा निकाला है। स्वरा ने ट्वीट कर पूछा कि धमकी देने वालों गुंडों के साथ तस्वीर कौन खिंचवाता है?

नई दिल्ली। राज ठाकरे की पार्टी मनसे की यूथ विंग द्वारा बिग बॉस के मेकर्स को धमकी भरा खत देने पर एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने गुस्सा निकाला है। स्वरा ने ट्वीट कर पूछा कि धमकी देने वालों गुंडों के साथ तस्वीर कौन खिंचवाता है? बता दें कि हाल ही में मनसे पार्टी की यूथ विंग ने बिग बॉस के मेकर्स को खत सौंपते हुए तनुश्री दत्ता को शो में न लेने की धमकी दी थी। पार्टी ने कहा था कि अगर तनुश्री को शो में लिया जाता है तो वो सेट तोड़ देंगे।

स्वरा ने पूछा, 'गुंडों के साथ तस्वीर कौन खिंचवाता है?'
मनसे की यूथ विंग की बिग बॉस को धमकी पर स्वरा भास्कर काफी गुस्सा हैं। स्वरा ने इसपर कई सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या अब हम लोगों को संस्थागत गुंडवाद में रहने की आदत हो गई है। स्वरा भास्कर ने ट्वीट किया, 'क्या ये एक मजाक है? या फिर हम लोगों को संस्थागत गुंडावाद में रहने से कोई दिक्कत नहीं है? और तोड़फोड़ की धमकी देने वाले गुंडों के साथ तस्वीर कौन खिंचवाता है? हम लोगों को क्या हो गया है?'

पार्टी ने दी थी सेट पर तोड़फोड़ की धमकी
स्वरा का ये ट्वीट उस तस्वीर को लेकर था जिसमें राज ठाकरे की पार्टी मनसे की यूथ विंग बिग बॉस मेकर्स को एक धमकी भरा खत सौंप रही है। इस खत में पार्टी ने मेकर्स को धमकी दी है कि अगर तनुश्री दत्ता को शो में लिया जाता है तो सेट को बर्बाद कर दिया जाएगा। नाना पाटेकर पर यौन शोषण का आरोप लगाने के बाद खबर आई थी कि तनुश्री बिग बॉस में जा सकती हैं। हालांकि इसे लेकर अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।

मनसे की तनुश्री ने की थी ISIS से तुलना
नाना पाटेकर पर यौन शोषण का आरोप लगाने वालीं तनुश्री दत्ता ने एमएनएस पार्टी के खिलाफ भी जमकर गुस्सा निकाला था। तनुश्री ने कहा था कि 10 साल पहले फिल्म सेट पर नाना पाटेकर ने एमएनएस पार्टी के कार्यकर्ताओं को बुलाकर उनकी गाड़ी से तोड़फोड़ कराई थी। उन्होंने मनसे पार्टी की तुलना अलकायदा और आईएसआईएस जैसे आतंकवादी संगठनों से करते हुए एक हिंसक पार्टी बताया था।

तनुश्री के खिलाफ शिकायत दर्ज
मनसे पार्टी के खिलाफ बोलकर तनुश्री मुसीबत में फंस गई हैं। इस संबंध में तनुश्री के खिलाफ महाराष्ट्र में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। सुमंत दास नाम के एक शख्स ने तनुश्री के खिलाफ ये शिकायत राज ठाकरे और एमएनएस पार्टी को बदनाम करने के आरोप में दर्ज कराई है। दास ने महाराष्ट्र के बीड़ जिले के कैज पुलिस स्टेशन में तनुश्री के खिलाफ गैर-संज्ञेय अपराध की शिकायत दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications