दिल्ली: रोहिणी में मिले संदिग्ध बैग में था खाली टिफिन, पुलिस अधिकारियों ने ली राहत की सांस
नई दिल्ली, 4 अगस्त: देश की राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बीच गुरुवार को रोहिणी इलाके में पुलिस को एक संदिग्ध वस्तु मिली। जिस पर आसपास के इलाके को खाली करवाकर उसे सील कर दिया गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। हालांकि जांच में बैग में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, जिस वजह से अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस के जवान नियमित गस्त पर निकले थे। तभी उनको डीसी चौक मार्केट में एक संदिग्ध बैग मिला। जिस पर उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद उस जगह को सील कर दिया गया और वहां पर बालू के बोरे रखे गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई थीं। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक बैग के अंदर एक खाली टिफिन रखा था। जांच करने पर उसके अंदर कुछ भी संदिग्ध चीज नहीं मिली, जिसके बाद पूरे इलाके को खोल दिया गया। बैग के मालिक की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए राजधानी में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में अगर किसी को कोई संदिग्ध चीज दिखती है, तो वो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
गणतंत्र दिवस से पहले हुई थी ऐसी घटना
इस साल की शुरुआत में गणतंत्र दिवस के मौके पर भी दिल्ली में एक बड़ी साजिश को नाकाम किया गया था। उस दौरान गाजीपुर सब्जी मंडी के गेट नंबर एक के बाहर लावारिस बैग मिला था। बाद में उसमें आईईडी मिली। हालांकि नेशनल सिक्योरिटी गार्ड की टीम वक्त पर वहां पहुंच गई थी। इसके बाद एक बड़े गड्ढे में सुरक्षित विस्फोट कर बम को निष्क्रिय कर दिया गया। इस पूरे ऑपरेशन में ढाई घंटे का वक्त लगा था।












Click it and Unblock the Notifications