महिला के पति को दुबई में आया ब्रेन स्ट्रोक, एक ट्वीट पर सुषमा स्वराज ने की मदद
नई दिल्ली। ट्विटर पर हमेशा एक्टिव रहने वाली केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज एक महिला के लिए मददगार बनकर सामने आई हैं। दरअसल इस भारतीय महिला के पति को दुबई में ब्रेन स्ट्रोक आया, जिसके बाद उन्हें तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। अपने पति की स्थिति जानकर महिला ने तुरंत ही यूएई के लिए अर्जेंट वीजा का आवेदन किया। उन्हें उम्मीद थी कि वीजा उन्हें मिल जाएगा, हालांकि इसमें कुछ वक्त लग सकता है। ऐसे में महिला ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट किया और तत्काल वीजा को लेकर केंद्रीय मंत्री से सहयोग की अपील की।

महिला ने सुषमा स्वराज को किया ट्वीट
सुषमा स्वराज को ट्वीट करके सहयोग मांगने वाली भारतीय महिला का नाम गरिमा है, जिन्होंने 18 जनवरी को केंद्रीय मंत्री को ट्वीट किया और बताया कि उनके पति को दुबई में ब्रेन स्ट्रोक आया है और वो गंभीर स्थिति में हैं। गरिमा ने बताया कि मैंने मेडिकल इमरजेंसी के तहत अर्जेंट वीजा के लिए आवेदन किया है। गरिमा ने सुषमा स्वराज से अनुरोध किया कि मुझे उम्मीद है कि वीजा आ जाएगा, लेकिन कृपया एक बार आप इस मामले को देख लीजिए, क्योंकि शुक्रवार को यूएई एंबेसी बंद रहती है।

फिर मददगार साबित हुई सुषमा स्वराज
इसके बाद अगले ट्वीट में गरिमा ने लिखा कि अगर आज ही मुझे वीजा नहीं मिला तो मैं शनिवार दोपहर तक यात्रा नहीं कर पाऊंगी। गरिमा आगे लिखा कि मेरे पति की हालत बहुत गंभीर है ऐसे में मेरा तुरंत वहां पहुंचना बहुत जरूरी है। गरिमा की ओर से किए गए ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने जवाब दिया और हरसंभव मदद की बात कही। 19 जनवरी को सुबह 6 बजे सुषमा स्वराज ने ट्वीट का रिप्लाई किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि मुझे यह जानकर दुख हुआ। हम पूरी मदद करेंगे।

महिला ने ट्वीट की पति के साथ तस्वीर
इसके बाद गरिमा ने 19 जनवरी को सुबह 8.35 पर ट्वीट किया। इसमें उन्होंने बताया कि मुझे खुद केंद्रीय मंत्री ने कॉल किया। मैं अवाक रह गई। उस समय वो पुडुचेरी जा रही थीं और रास्ते में उन्होंने मुझसे बात की। उन्होंने बताया कि दूतावास के अधिकारी रात 9.30 बजे से ही मेरे वीजा को लेकर काम कर रहा है। गरिमा ने इसके लिए सुषमा स्वराज को धन्यवाद दिया।

गरिमा ने केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज को दिया धन्यवाद
इसके बाद गरिमा को वीजा मिल गया। उन्होंने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी। गरिमा ने ट्वीट में अपने पति के साथ अस्पताल की तस्वीर शेयर की। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज और विदेश मंत्रालय को धन्यवाद दिया।












Click it and Unblock the Notifications