नीतीश कुमार को लेकर सुशील कुमार मोदी ने दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। बिहार में जिस तरह से भाजपा और जदयू नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर चल रहा था, उसके बाद माना जा रहा था कि प्रदेश में भाजपा और जदयू के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। लेकिन इन तमाम अटकलों पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने विराम लगा दिया है। सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में एनडीए के कप्तान बने रहेंगे और वह अगले विधानसभा चुनाव में 2020 में भी एनडीए के कप्तान रहेंगे।

प्रदेश में नेतृत्व को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए सुशील कुमार ने कहा कि प्रदेश में एनडीए की कप्तानी में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके साथ ही मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार जब प्रदेश में एनडीए के कप्तान हैं तो वह चौके और छक्के लगा रहे हैं और अपने विरोधियों को इनिंग से हरा रहे हैं, ऐसे में कप्तानी में बदलाव की बात ही नहीं उठती है। सुशील मोदी ने ट्वीट करके लिखा कि नीतीश कुमार बिहार में एनडीए के कप्तान हैं और अगले विधानसभा चुनाव 2020 तक कप्तान बने रहेंगे। जब कप्तान चौके और छक्के लगा रहे हैं तो कप्तानी में बदलाव का सवाल ही नहीं उठता है।
सुशील मोदी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भाजपा के विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान ने कहा था कि नीतीश कुमार को केंद्र की राजनीति में जाना चाहिए और बिहार में अगले मुख्यमंत्री के लिए भाजपा नेता के लिए रास्ता साफ करना चाहिए। लेकिन उनके बयान के दो दिन बाद ही सुशील मोदी ने इन अटकलों को खारिज कर दिया। पासवान के बयान के बाद जदयू नेताओं ने इसका विरोध किया था और संजय पासवान के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी। गौरतलब है कि इस वर्ष जुलाई माह में सुशील मोदी ने कहा था कि बिहार का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications