सर्वे: अगर अभी हुआ लोकसभा चुनाव तो फिर से बनेगी एनडीए की सरकार, नरेंद्र मोदी बनेंगे पीएम
सर्वे के मुताबिक अगर अभी देश में लोकसभा चुनाव हो जाएं तो मोदी सरकार को 360 सीटें मिलेंगी और दोबारा से जीत दर्ज कर सत्ता में आ जाएगी और नरेंद्र मोदी पीएम बनेंगे।
नई दिल्ली। मौजूदा समय में केन्द्र की सत्ताधारी पार्टी एनडीए को सत्ता में आए ढाई साल बीत चुके हैं, लेकिन अभी भी वह लोगों की पसंदीदा पार्टी बनी हुई है। इसका सबूत है हाल ही में आया इंडिया टुडे ग्रुप और कार्वी इनसाइट (karvy insights) का सर्वे। इस सर्वे के मुताबिक अगर अभी देश में लोकसभा चुनाव हो जाएं तो मोदी सरकार को 360 सीटें मिलेंगी और दोबारा से जीत दर्ज कर सत्ता में आ जाएगी। वहीं दूसरी ओर, मौजूदा समय में लोकसभा चुनाव होने के बाद यूपीए को सिर्फ 60 सीटें और अन्य को 123 सीटें मिलेंगी।

मोदी सरकार को मिली वाहवाही
यह सर्वे 19 राज्यों में 12,143 लोगों पर किया गया था, जिसमें एनडीए को 42 फीसदी वोट मिले, जबकि यूपीए को सिर्फ 25 फीसदी वोट मिले। वहीं अन्य दलों को 33 फीसदी वोट मिले। प्रधानमंत्री के तौर पर पीएम मोदी के काम को 69 फीसदी लोगों ने अच्छा बताया। वहीं दूसरी ओर 19 फीसदी लोगों ने प्रधानमंत्री के तौर पर पीएम मोदी के काम को औसत कहा, जबकि 3 प्रतिशत लोगों ने खराब बताया। इतना ही नहीं, 6 फीसदी लोगों ने पीएम मोदी के काम को बेहद खराब बताया। इन सबके बावजूद 71 फीसदी लोगों ने एनडीए सरकार के काम को सराहा।
नोटबंदी को मिला समर्थन
इस सर्वे में जब लोगों से पीएम मोदी के नोटबंदी के फैसले पर बात की गई तो नोटबंदी को लोगों का तगड़ा समर्थन मिला। सर्वे में 45 फीसदी लोगों ने माना कि इससे कालेधन पर लगाम लगेगी, जबकि 35 फीसदी ने इसे अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा बताया। वहीं 7 फीसदी लोगों ने कहा कि इससे भारत की अर्थव्यवस्था कमजोर होगी, जबकि 7 फीसदी लोगों ने इसे सिर्फ एक चुनावी पैंतरा करार दिया।












Click it and Unblock the Notifications