दिल्ली चुनाव से पहले आया सर्वे, 61 फीसदी लोग अपने बच्चों को भेजना चाहते हैं सरकारी स्कूल में
नई दिल्ली। दिल्ली में आठ फरवरी को विधानसभा के चुनाव होने हैं। इससे पहले आईएएनएस-नेता ने दिल्ली के मतदाताओं के बीच एक सर्वे किया है। इस सर्वे में 80 फीसदी लोगों ने माना है कि, दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाएं आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के तहत अधिक सुलभ हो गई है। यही नहीं लगभग 61 प्रतिशत उत्तरदाता अपने बच्चों को एक निजी स्कूल में भेजने की अपेक्षा सरकारी स्कूल में भेजने को तरजीह देंगे।

61 प्रतिशत लोग बच्चों की शिक्षा के लिए दिल्ली के सरकारी स्कूलों को देते हैं तरजीह
आईएएनएस-नेता ऐप ने 29 जनवरी को दिल्ली के मतदाताओं के बीच एक सर्वे किया था। इस सर्वे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुआई वाली आम आदमी पार्टी (आप) के पिछले वर्षो में प्रदर्शन मापा गया था। सर्वे के मुताबिक, 61 प्रतिशत लोग अपने बच्चों को निजी स्कूल की अपेक्षा सरकारी स्कूल में भेजना चाहेंगे।चुनावों में केजरीवाल ने दिल्ली के सरकारी स्कूल को सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनाया है। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आप सरकार के प्रदर्शन पर जनता की राय जानने के लिए किया गया यह सर्वे दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों में लगभग 40,000 नागरिकों की 20 जनवरी से 27 जनवरी के बीच मिलीं प्रतिक्रियाओं पर आधारित था।

76 प्रतिशत उत्तरदाता दिल्ली के सरकारी स्कूलों में दी गई सुविधाओं की गुणवत्ता से संतुष्ट
सर्वे के अनुसार, 76 प्रतिशत उत्तरदाता दिल्ली के सरकारी स्कूलों में दी गई सुविधाओं की गुणवत्ता से संतुष्ट हैं, वहीं 84 प्रतिशत लोगों ने सरकारी स्कूलों की संरचना से संतुष्टि जताई। पिछले पांच सालों में हुए सुधार के बारे में पूछने पर 82 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि शिक्षा और अन्य संबंधित सुविधाओं में वृद्धि हुई है। यही नहीं भाजपा के कब्जे वाली रोहिणी और विश्वास नगर विधानसभाओं से भी यही प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। सर्वे के अनुसार, दिल्ली के सरकारी स्कूलों से सबसे ज्यादा संतुष्ट लोग नई दिल्ली (आप), रोहिणी (भाजपा), विश्वास नगर (भाजपा), राजेंद्र नगर (आप), बाबरपुर (आप) और बुराड़ी (आप) में पाए गए। हालांकि आप की कुछ अन्य सीटों पर तस्वीर उतनी अच्छी नहीं है। आप के कब्जे वाली जिन सीटों पर सबसे ज्यादा असंतोष पाया गया, उनमें त्रिलोकपुरी, घोंडा, बादली, मालवीय नगर हैं।
वहीं आप सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी लोगों ने कुछ ऐसी राय व्यक्त की है।

80 प्रतिशत लोग ने माना दिल्ली में स्वास्थ्य सेवा हुईं बेहतर
80 प्रतिशत उत्तरदाता मानते हैं कि दिल्ली में स्वास्थ्य सेवा आप सरकार में सबसे ज्यादा सुलभ हुई है। मोहल्ला क्लीनिकों पर उपलब्ध गुणवत्ताओं पर लगभग 69 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने संतोष व्यक्त किया वहीं शेष ने असंतोष व्यक्त किया। सर्वे में सबसे अहम बात यह है कि, भाजपा के कब्जे वाली रोहिणी और विश्वास नगर सीटों पर भी लोगों में मोहल्ला क्लीनिकों की सुविधा से खुश है। मोहल्ला क्लीनिकों की व्यापक लोकप्रियता के बावजूद यहां आने वाले लोगों की संख्या कम है। सर्वे के दौरान 68 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि वे एक बार भी मोहल्ला क्लीनिक नहीं गए।

इन विधानसभाओं ने रही स्वास्थ्य सेवाओं में भारी कमी
वहीं 25 प्रतिशत ने कहा कि उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक से एक बार स्वास्थ्य सहायता ली वहीं सात प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे एक से ज्यादा बार मोहल्ला क्लीनिक गए। वहीं मुख्यमंत्री की सीट नई दिल्ली पर उत्तरदाताओं का बड़ा हिस्सा मोहल्ला क्लीनिक पर एक से ज्यादा बार जा चुका है। सबसे ज्यादा संतुष्ट सीटों में नई दिल्ली (आप), रोहिणी (भाजपा), विश्वास नगर (भाजपा), पटेल नगर (आप), वजीरपुर (आप) और ओखला (आप) हैं। वहीं सबसे ज्यादा असंतुष्ट सीटों में घोंडा, बवाना, नरेला, ग्रेटर कैलाश, मुंडका (सभी आप की) हैं।

बिजली आपूर्ति पर लोगों ने दी यह राय
वहीं दिल्ली में पानी और बिजली को लेकर मौजूदा सरकार के काम को लेकर लोगों से राय मांगी गई तो उनमें से लगभग 86 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने अपने घरों में बिजली की आपूर्ति पर संतुष्टि दिखाई है। वहीं लगभग 14 प्रतिशत असंतुष्ट थे। सर्वेक्षण में कहा गया है कि 76 प्रतिशत से अधिक उत्तरदाताओं ने महसूस किया कि उन्हें आप सरकार की मुफ्त बिजली योजना से लाभ हुआ है। अगस्त 2019 में, केजरीवाल सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी। बाद में इस योजना को किरायेदारों तक बढ़ाया गया था। इस योजना का सबसे अधिक लाभ उठाने वाली विधानसभाओं में त्रि नगर, नई दिल्ली, उत्तम नगर, ओखला और गांधी नगर है। जबकि, घोंडा, मादीपुर, कोंडली, मोती नगर और नांगलोई जाट वे विधानसभाएं जहां इन सुविधाओं को सबसे कम लाभार्थी हैं।

63 प्रतिशत लोगों ने अपने घरों में पानी की आपूर्ति से संतोष व्यक्त किया
वहीं लगभग 63 प्रतिशत लोगों ने अपने घरों में पानी की आपूर्ति से संतोष व्यक्त किया है, शेष संतुष्ट नहीं थे। सर्वेक्षण में पाया गया कि 62 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि वे अपने घरों में आपूर्ति किए जाने वाले पानी की गुणवत्ता से संतुष्ट हैं। वहीं 65 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने माना कि, वे आप सरकार की मुफ्त जल योजना के लाभार्थी हैं। नई दिल्ली, उत्तम नगर, तिमारपुर, द्वारका और मुंडका निर्वाचन क्षेत्र इस योजना के शीर्ष लाभार्थी हैं। वहीं आदर्श नगर, नरेला, राजिंदर नगर, त्रिलोकपुरी और घोंडा इस योजना का सबसे कम लाभ उठाने वालीं विधानसभाएं हैं। इन सभी विधानसभाओं में आप ने 2015 में चुनाव जीता था।












Click it and Unblock the Notifications