कोरोना वॉरियर्स को बेहतर सुविधा देने को लेकर दायर याचिका पर SC में सुनवाई पूरी, सरकार ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली। कोरोना वॉरियर्स को बेहतर सुविधा देने को लेकर दायर याचिका पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई। कोरोना वायरस महामारी के दौरान जमीन पर इसका सामना कर रहे लोग खासतौर से मेडिकल क्षेत्र को विशेष सुविधा देने को लेकर ये याचिका दायर की गई थी। इस पर अदालत ने केंद्र से जवाब मांगा था। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट में बताया कि एक विशेष हेल्पलाइन सरकार ने जारी की है। इस हेल्पलाइन पर हेल्थकेयर स्टाफ कभी भी कॉल कर सकता है। सॉलिसिटर जनरल के जवाब के बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया।

कोरोना महामारी के सामने आने के बााद डॉक्टरों और नर्सों को सुविधाओं में कमी का मामला सामने आया था। इसी को लेकर ये याचिका दी गई थी। बता दें कि कोरोना के खिलाफ डॉक्टर अगली पंक्ति में लड़ रहे हैं। इसमें उनको विशेष सूट, मास्क और दस्तानो की जरूरत होती है।
भारत और दुनियाभर के ज्यादातर देशों में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 11,933 हो गई है। अब तक 392 मौतें इस वायरस के चलते हो चुकी हैं। 10,197 लोगों का इलाज चल रहा है जबकि 1,344 को अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं। भारत में कोरोना संक्रमण के महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा है। महाराष्ट्र में 2687 मामले सामने आए हैं और 178 मौत हुई हैं। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 1561, तमिलनाडु में 1204, राजस्थान में 969, मध्य प्रदेश में 730 और उत्तर प्रदेश में 660 मामले सामने आ चुके हैं।
दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या अब बीस लाख के करीब पहुंच गई है। दुनियाभर में अब तक 19,97,860 लोगों में संक्रमण पाया जा चुका है। इससे अब तक एक लाख 26 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका दुनिया का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। अमरीका में 26,047 मौतें कोरोना से हुई हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। इटली में 21,067, स्पेन में 18,255 और फ्रांस में 15,729 लोगों की जान ये वायरस ले चुका है।












Click it and Unblock the Notifications