तिहाड़ में सुब्रत रॉय को मिली वाई-फाई, एसी की सुविधा, बिल बना 1.23 करोड़
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। अपने इन्वेस्टरों के अरबों रुपये हड़प कर तिहाड़ जेल में बंद सहारा ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय वहां भी ऐश की जिंदगी जी रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुब्रत रॉय ने तिहाड़ जेल को 1.23 करोड़ रुपये चुकाए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सुब्रत रॉय ने सालभर तक तिहाड़ में ही अपना मिनी ऑफिस चलाया। जेल में उन्हें एसी रूम, वाई-फाई, वीडियो कांफ्रेंसिंग, लैपटॉप, डेस्कटॉप और स्टेनोग्राफर जैसी फैसिलिटी मिलीं।

उल्लेखनीय है कि सुब्रत रॉय ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी थी कि लोगों को पैसा लौटाने के लिए उन्हें अपनी प्रॉपर्टी बेचनी है। इसके लिए उन्हें अपने ग्रुप के अफसरों से मीटिंग करने और बिजनेस से जुड़े लोगों से बातचीत करने की जरूरत है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने तिहाड़ जेल में ही एक अलग जगह मुहैया कराने को कहा, जहां रॉय अपने क्लाइंट्स से मिल सकें। सुब्रत रॉय को मिल रही यह स्पेशल सर्विस 12 नवंबर को खत्म हो गई।
आपको बताते चलें कि सुब्रत रॉय 14 मार्च 2014 से जेल में हैं। उन पर इन्वेस्टर्स के 24 हजार करोड़ रुपए नहीं लौटाने का आरोप है। 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने पहली बार सहारा ग्रुप को इन्वेस्टर्स के पैसे लौटाने को कहा था, लेकिन सेबी और सुप्रीम कोर्ट के कहने के बावजूद सहारा ग्रुप ने ऐसा नहीं किया।












Click it and Unblock the Notifications