रेलमंत्री को बिना पीएम की हां का इंतजार किए दे देना चाहिए इस्तीफा: सुब्रमण्यम स्वामी
बालासोर रेल हादसे के बाद सुब्रमण्यम स्वामी ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है। स्वामी ने कहा कि अक्षम लोगों की भर्ती के लिए पीएम दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। रेल मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।

Balasore Train Accident: ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे के बाद अब एक-एक करके लोगों की प्रतिक्रिया आ रही है। कांग्रेस ने जहां रेलवे पर ट्रेनों की सुरक्षा को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है तो सुब्रमण्यम स्वामी ने रेलवे ट्रैक पर सवाल खड़ा किया है।
स्वामी ने ट्वीट करके लिखा, अब हम जानते हैं, जो ट्रेन सामने से आ रही ट्रेन से टकरा कर ट्रैक से उड़ गई, उसे उस ट्रैक पर आने की इजाजत ही नहीं थी क्योंकि वो ट्रैक धीमी रफ्तार की ट्रेनों के लिए थे। रेल मंत्री को बिना प्रधानमंत्री की हां का इंतजार किए हर हाल में इस्तीफा देना चाहिए।
सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि इसमे कोई संदेह नहीं है कि पीएम मोदी अक्षम लोगों की भर्ती करने, या फिर बिना रीढ़ वाले सक्षम चेला को मंत्री बनाने के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। पीएम इसकी कीमत चुका रहे हैं। वफादार चेला को कमान देने की वजह से मणिपुर इसका दूसरा उदाहरण है।
बता दें कि ओडिशा के बालासोर में शनिवार को एक ही ट्रैक पर तीन ट्रेनों की आपस में भीषण टक्कर हो गई थी। इस हादसे में तकरीबन 288 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि लगभग 900 लोग घायल हुए हैं। रेलवे ट्रैक को फिर से बहाल किए जाने का काम अभी भी जारी है।
घटना के बाद खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां का दौरा किया था। पीएम ने कहा कि शब्दो में इस व्यथा को जाहिर नहीं किया जा सकता है। हम प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। इस दौरान राहत-बचाव में लगे तमाम लोगों की पीएम मोदी ने तारीफ की थी। पीएम ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, प्रदेश पुलिस और स्थानीय लोगों की सराहना की।
पीएम ने कहा कि जिस तरह हमारे देश के लोगों ने इस मुश्किल समय में साहस दिखाया है, वह सच में प्रेरित करने वाला है। जैसे ही ओडिशा में ट्रेन हादसा हुआ, तुरंत राहत-बचाव के लिए लोग पहुंच गए। कई लोग रक्तदान करने के लिए पहुंच गए।












Click it and Unblock the Notifications