NEET-JEE परीक्षाओं का विरोध कर रहे छात्रों को मिला सोनू सूद का साथ, पीएम मोदी से की ये अपील
नई दिल्ली। कोरोना वायरस संकट के बीच एक तरफ जहां स्कूल-कॉलेज बंद हैं वहीं दूसरी तरफ नीट-जेईई (NEET/JEE) की परीक्षाओं को टालने को लेकर सोशल मीडिया पर अभियान चलाया जा रहा है। देशभर के छात्रों की मांग है कि कोरोना संकट को देखते हुए नीट-जेईई की परीक्षाएं अभी आयोजित न की जाएं। इन छात्रों को अब बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद का भी समर्थन मिल गया है। कोरोना काल में मजदूरों और जरूरतमंद लोगों के मसीहा बने एक्टर सोनू सूद ने ट्वीट कर केंद्र सरकार से परीक्षाएं रद्द करने को कहा है।
Recommended Video

सोशल मीडिया पर चला अभियान
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 1 से 6 सितंबर और 13 सितंबर को JEE (Main) और NEET (UG) परीक्षाएं होनी हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने भी मंगलवार को एक नोटिफिकेशन जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षाएं घोषित तारीखों पर ही आयोजित की जाएंगी। इस फैसले को लेकर अब छात्रों में विरोध तेज हो गया है। सोशल मीडिया पर #PostponeJEE_NEETinCOVID नाम से अभियान चलाया जा रहा है।

सोनू सूद ने सरकार से की ये अपील
कई राजनीतिक दलों के साथ-साथ अब एक्टर सोनू सूद ने भी ट्वीट कर केंद्र सरकार से कोरोना की मौजूदा स्थिति को देखते हुए नीट और जेईई परीक्षाओं को स्थगित करने का आग्रह किया है। मंगलवार को किए ट्वीट में सोनू सूद ने कहा, 'मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि देश में कोरोना की मौजूदा स्थिति को देखते हुए नीट-जेईई एग्जाम को स्थगित किया जाए। वर्तमान में कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए हमें स्वास्थ्य के बारे में ज्यादा ध्यान देना चाहिए और छात्रों की जान को जोखिम में नहीं डालना चाहिए।'

सोनू सूद का साथ मिलने से छात्रों हौंसला बढ़ा
जेईई मेन और नीट परीक्षा के आयोजन को लेकर विरोध बढ़ता ही जा रहा है, कई राजनीतिक पार्टियों ने भी एग्जाम रद्द करने की मांग की है। बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद कोरोना काल में गरीब और प्रवासी मजदूरों की मदद कर सरकार की नजर में भी एक हीरो बन गए हैं, ऐसे में जेईई मेन और नीट परीक्षा को लेकर किया गया ट्वीट जरूर सरकार का ध्यान अपनी ओर खींचेगा। वहीं, सोनू सूद का साथ मिलने के बाद छात्रों का भी हौंसला बढ़ा है।

ओडिशा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने की ये मांग
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी सितंबर में होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE मेन) और राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (NEET) को स्थगित करने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को एक पत्र लिखकर परीक्षा स्थगित करने की मांग की है। उन्होंने कोरोना संकट के चलते दोनों परीक्षाओं को स्थगित करने की गुजारिश की है। हालांकि कई प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने भी परीक्षा टालने की बात कह चुके हैं, जबकि बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कोरोना काल में परीक्षा कराने को नसबंदी से जोड़ दिया है। ओडिशा के सीएम ने राज्य के शहरी केंद्रों में ओडिशा के भौगोलिक रूप से दुर्गम क्षेत्रों वाले इलाकों का हवाला देते हुए शिक्षा मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि छात्र परीक्षा में शामिल होने कैसे आएंगे।

NTA ने जारी किए गाइडलाइंस
बता दें कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने JEE मेन और NEET परीक्षा के लिए गाइडलाइन जारी करके कंफर्म कर दिए हैं कि परीक्षाओं को स्थगित और टालने के लिए की जा रही सारी कवायद फेल हो गई है। एनटीए द्वारा कोरोना काल में जारी गाइडलाइन से अब तय है कि जेईई मेन और नीट परीक्षा अपने पूर्व निर्धारित तिथि पर होंगे। यानी 1-6 सितंबर तक जेईई मुख्य परीक्षा कराए जाएंगे और नीट (अंडर ग्रेजुएट) परीक्षा 13 सितंबर को होंगे।

प्रवेश के समय होगी थर्मल स्क्रीनिंग
हर उम्मीदवार के एडमिट कार्ड पर सोशल डिस्टेंसिंग के लिए निर्देश दिए जाएंगे। उम्मीदवारों को प्रवेश के समय थर्मल स्क्रीनिंग से गुजरना पड़ेगा। तापमान 37.4 ° C / 99.4 ° F होने पर ही छात्रों को रजिस्ट्रेशन से आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। अगर तापमान सामान्य से ज्यादा हुआ तो ऐसे उम्मीदवारों को एक अलग कमरे में परीक्षा देनी होगी।
यह भी पढ़ें: दुनिया भर में कोरोना फैलाने वाले वुहान में 8 महीने बाद खुल गए कॉलेज, विदेशी छात्रों को वापस आने की नहीं दी अनुमति












Click it and Unblock the Notifications