सावधान हो जाएं रेडियो जॉकी, सांसदों का मजाक उड़ाना अब पड़ेगा भारी
नई दिल्ली। एफएम चैनल्स पर रेडियो जॉकी द्वारा नेताओं या फिल्म कलाकारों के आवाज की नकल कर मजाक उड़ाना कोई नई बात नहीं है। लेकिन अब रेडियो जॉकियों को यह मजाक भारी पड़ सकता है। समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने इस मुद्दे को गंभीरती के साथ उठाया है। सरकार ने कहा है कि सांसदों का मजाक उड़ाने या उनकी आवाजें निकालने वाले एफएम आरजे पर अब कार्रवाई की जाएगी।

निजी रेडियो चैनलों के जॉकी द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली भाषा और मजाक सासंदों को रास न आया। लिहाजा, केन्द्र सरकार अब इन कार्यक्रमों के प्रसारण की निगरानी कर रही है और जॉकियों द्वारा आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल पाए जाने पर कार्रवाई करेगी।
केन्द्र सरकार रखेगी नजर
जया बच्चन ने यह मुद्दा उठाते हुए रेडियो जॉकी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जया बच्चन ने सदन में प्राइवेट एफएम रेडियो की जॉकी पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुआ कहा कि ये द्विअर्थी और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से इस मामले में सख्त कदम उठाने का आग्रह किया।
भाजपा के तरुण विजय एवं बसपा से सतीश चंद्र मिश्रा ने भी इस मुद्दे पर जया बच्चन का समर्थन करते हुए कहा कि यह प्रवृत्ति खतरनाक है। वहीं केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इसे गंभीर मामला माना।
उन्होंने कहा कि रेडियो जॉकी द्वारा द्विअर्थी शब्दों का इस्तेमाल हो रहा है और सरकार को भी कुछ शिकायतें मिली हैं। इस ओर विचार किया जा रहा है साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया निगरानी केंद्र है जो इस पर नजर रख रहा है। जावड़ेकर ने कहा कि इस ट्रेंड को बढ़ने नहीं दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications