राज्य सरकारें नहीं बदल सकती केंद्र का ये काला कानून- केजरीवाल
नई दिल्ली। किसानों के आंदोलन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से किसानों के प्रदर्शन पर राजनीति नहीं करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी ये अपील करता हूं कि किसानों के लेकर बिल्कुल भी राजनीति ना करें और बस सेवादार बनकर उनकी सेवा करते रहें।
Recommended Video

केजरीवाल ने पंजाब के सीएम पर भी साधा निशाना
अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर पर भी हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री किसके दबाव में मुझ पर झूठे आरोप लगा रहे हैं? वे बीजेपी की बोली बोल रहे हैं, क्योंकि उनके परिवार पर ईडी के केस चल रहे हैं। कैप्टन अमरिंदर इन काले कानूनों को बनाने के लिए गठित कमेटी में शामिल थे, लेकिन उन्होंने इसका विरोध नहीं किया। आपको बता दें कि अमरिंदर सिंह ने केजरीवाल पर आरोप लगाए थे कि दिल्ली में उन्होंने इस कानून को लागू कर दिया है। केजरीवाल ने कैप्टन अमरिंदर के आरोपों पर कहा कि इस नाजुक मौके पर भी इस तरह की गिरी हुई राजनीति करना ठीक नहीं है। ये तो तीनों केंद्र के कानून हैं। जिस दिन राष्ट्रपति के इन कानूनों पर दस्तखत हुए थे, उसी दिन यह कानून पूरे देश में लागू हो गए। अब यह किसी राज्य सरकार के ऊपर नहीं है कि वो इन्हें लागू करेगी या नहीं।
राज्य सरकारें नहीं बदल सकती केंद्र का ये काला कानून- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानून पर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर हुए हैं। इसके बाद से ये कानून पूरे देश में लागू हो चुका है, जिसे राज्य सरकारें नहीं बदल सकती। इन बिलों को लागू करने या न करने का अधिकार राज्य सरकारों के पास नहीं है। अगर ये तीनों काले कानून राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र में होते, तो देश भर के किसान अपने-अपने मुख्यमंत्रियों से मांग करते। चूंकि ये काले कानून केंद्र सरकार के हैं, इसलिए राज्य सरकारें इसे रोक नहीं सकती हैं।
केंद्र की सरकार मुझसे लगती है नाराज- केजरीवाल
सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जब से मैंने दिल्ली के 9 स्टेडियम को जेल बनाने से रोका है, तब से केंद्र की भाजपा सरकार मुझसे बहुत ज्यादा नाराज है। केंद्र सरकार का पूरा प्लान था कि जब किसान दिल्ली आएंगे, तो उन्हें इन 9 स्टेडियम में डाल दिया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने इसके लिए मुझसे अनुमति मांगी थी, लेकिन मैंने अनुमति देने से इनकार कर दिया था।।
केजरीवाल की देशवासियों से अपील
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरी सभी देशवासियों से अपील है कि हर देशभक्त किसानों का साथ दे। मेरी सभी आम आदमी पार्टी के लोगों से अपील है कि कोई राजनीति नहीं करनी है। सभी पार्टियों के लोगों के साथ मिलके भारतीय बनके किसानों की सेवा करनी है। राजनीति करने को पूरी जिंदगी पड़ी है। अभी बस सेवादार बन कर सेवा करो।












Click it and Unblock the Notifications