चिदंबरम के अलावा आज सीबीआई कोर्ट में कांग्रेस के एक और दिग्गज नेता का केस, ये जज करेंगे सुनवाई
नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मामले में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को सीबीआई ने बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को देर रात सीबीआई की टीम चिदंबरम के जोरबाग स्थित आवास पर पहुंची थी, जहां से उनको गिरफ्तार कर सीबीआई मुख्यालय लाया गया। सीबीआई की टीम आज दोपहर बाद उनको राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश करेगी। सीबीआई की स्पेशल कोर्ट में जज अजय कुमार चिदंबरम के मामले पर सुनवाई करेंगे। लेकिन इसके पहले वे कांग्रेस के एक अन्य दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री के मामले में भी सुनवाई करेंगे।

वीरभद्र सिंह के मामले की पहले करेंगे सुनवाई
स्पेशल सीबीआई जज अजय कुमार आज हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के मामले की सुनवाई करेंगे। इसके बाद चिदंबरम को उनकी अदालत में पेश किया जाएगा। बता दें कि सीबीआई ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है। इस मामले में वीरभद्र सिंह के खिलाफ जांच चल रही है। जांच एजेंसी पूर्व सीएम और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ केंद्रीय इस्पात मंत्री रहते हुए आय के ज्ञात स्रोतों से 6.1 करोड़ रुपए अधिक की कथित संपत्ति अर्जित करने के मामले की जांच कर रही है।

दोपहर बाद चिदंबरम को कोर्ट में पेश किया जाएगा
चिदंबरम पर आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान 305 करोड़ रुपये की विदेशी धनराशि प्राप्त करने के लिए आईएनएक्स मीडिया को दी गई विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड मंजूरी में अनियमितताएं की गईं। इस मामले में ईडी और सीबीआई दोनों एंजेसियां इस बात की जांच कर रही है कि कैसे कार्ति चिदंबरम 2007 में विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड से मंजूरी पाने में कामयाब रहे जब उनके पिता पी. चिदंबरम देश के वित्त मंत्री थे।

बुधवार रात सीबीआई ने चिदंबरम को किया था गिरफ्तार
इस मामले में करीब 2 दर्जन बार चिदंबरम को अग्रिम जमानत मिल चुकी थी, लेकिन मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत खारिज किए जाने बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गईं। इसके बाद वे सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, लेकिन सुप्रीम कोर्ट से भी उनको राहत नहीं मिली। इस मामले में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। वहीं, मंगलवार से ही ईडी और सीबीआई की टीमें उनकी तलाश कर रही थी, बुधवार की देर रात सीबीआई एक बार फिर चिदंबरम के घर पहुंची, जहां से उनको गिरफ्तार कर सीबीआई मुख्यालय लाया गया। चिदंबरम आज अपनी जमानत की याचिका भी दायर कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications