'मौत आसान है, जिंदगी भर की सजा मिले...', पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की मां ने हत्यारों की सजा पर क्यों कहा ऐसा?
journalist Soumya Vishwanathan Death Case Update: पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की गोली मारकर हत्या के 15 साल बाद, उनके हत्यारों को आखिरकार सजा मिली है। दिल्ली की एक अदालत ने 2008 के सौम्या विश्वनाथन हत्या मामले में 18 अक्टूबर को सभी पांच आरोपियों को दोषी ठहराया है। सौम्या विश्वनाथन की मां माधवी विश्वनाथन ( Madhavi Vishwanathan) चाहती हैं कि सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दी जाए।
कोर्ट ने सजा सुनाने के लिए 26 अक्टूबर की तारीख तय की है। माधवी विश्वनाथन ने कहा कि, ''दोषियों को ज्यादा से ज्यादा सजा मिलनी चाहिए। मौत की सजा नहीं, मैं आजीवन कारावास पसंद करूंगी।'' उन्होंने कहा कि दोषियों को वही भुगतना चाहिए जो हमारे परिवार को झेलना पड़ा है।

माधवी विश्वनाथन ने कहा कि, "यह एक राहत की बात है कि कम से कम एक गिरोह पकड़ा गया है, कम से कम दूसरों के लिए इतनी सुरक्षा होगी। हमने अपनी बेटी को खो दिया है, लेकिन कम से कम दूसरों के लिए, यह इतना सुरक्षित होगा।''
Soumya Vishwanathan murder case: सौम्या विश्वनाथन हत्या केस के बारे में जानिए?
सौम्या विश्वनाथन, जो हेडलाइंस टुडे समाचार चैनल की पत्रकार थीं। सितंबर 2008 में सौम्या अपने दफ्तर से काम करके घर जा रही थीं तब उनकी कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त सौम्या 25 साल की थीं।
हत्या के आरोप में पांच लोगों, रवि कपूर, अमित शुक्ला, बलजीत मलिक, अजय कुमार और अजय सेठी को गिरफ्तार किया गया था और वे मार्च 2009 से हिरासत में हैं।
मामले की सुनवाई अप्रैल, 2010 में शुरू हुई। 2019 में, एक आरोपी ने त्वरित सुनवाई की याचिका के साथ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था। बचाव और अभियोजन पक्ष की फाइनल दलीलें इस महीने की शुरुआत में पूरी हुईं और 13 अक्टूबर को अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
18 अक्टूबर को, रवि कपूर, अमित शुक्ला, बलजीत मलिक और अजय कुमार को हत्या और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया गया है।












Click it and Unblock the Notifications