NEET पेपर लीक पर भड़के सुपर 30 वाले आनंद कुमार, सरकार से कर दी चीन जैसे कौन से मॉडल की मांग?
NEET UG Paper Leak: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द किए जाने से लाखों छात्र और उनके परिवार चिंता में हैं। इसी बीच सुपर 30 के संस्थापक और मशहूर शिक्षक आनंद कुमार (Anand Kumar) ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कठिन समय में घबराने के बजाय खुद पर भरोसा रखना सबसे जरूरी है। आनंद कुमार का यह बयान ऐसे समय आया है जब देशभर में छात्र दोबारा परीक्षा की तैयारी को लेकर मानसिक दबाव महसूस कर रहे हैं।

छात्रों को हिम्मत न हारने की सलाह
आनंद कुमार (Anand Kumar) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि NEET परीक्षा में पेपर लीक की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने माना कि परीक्षा रद्द होने की खबर छात्रों और उनके माता-पिता के लिए निराशाजनक है, लेकिन राहत की बात यह है कि सरकार ने तुरंत परीक्षा रद्द कर दोबारा एग्जाम कराने का फैसला लिया।
ये भी पढ़ें: कौन है NEET UG पेपर लीक का मास्टरमाइंड राकेश मंडावरिया? पत्नी है सरपंच, परिवार में कौन-कौन?
उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में छात्रों को निराश होकर बैठने के बजाय नए जोश के साथ तैयारी शुरू करनी चाहिए। उनके मुताबिक मेहनत कभी बेकार नहीं जाती और जो छात्र लगातार ईमानदारी से पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें सफलता जरूर मिलेगी।
NEET की परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।
छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए यह खबर निश्चित रूप से निराश करने वाली है। फिर भी थोड़ी राहत की बात यह है कि सरकार ने परीक्षा रद्द करते हुए तुरंत ही दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की है।ऐसी कठिन परिस्थिति में छात्रों… pic.twitter.com/aTvYdgMdND
— Anand Kumar (@teacheranand) May 12, 2026
'हर चुनौती के बाद नया मौका आता है'
सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार (Anand Kumar) ने छात्रों से सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर कठिनाई के बाद एक नया अवसर आता है और यही समय मानसिक रूप से मजबूत रहने का है। उन्होंने छात्रों से कहा कि डर और घबराहट में आने के बजाय अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखें।
आनंद कुमार ने यह भी कहा कि लाखों छात्र कई महीनों से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, इसलिए अचानक परीक्षा रद्द होने से तनाव होना स्वाभाविक है। लेकिन ऐसे समय में संयम और आत्मविश्वास सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
अपने बयान में आनंद कुमार (Anand Kumar) ने सरकार से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सबसे सख्त कदम उठाए जाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था पर छात्रों का भरोसा बनाए रखना बेहद जरूरी है। अगर परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठते रहेंगे तो इसका असर मेहनत करने वाले स्टूडेंट्स के भविष्य पर पड़ेगा। इसलिए जांच एजेंसियों को तेजी और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने चीन के गाओकाओ (Gaokao) परीक्षा सुधारों का उदाहरण दिया, जहां प्राइवेट कोचिंग पर सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं, परीक्षा केंद्रों पर एडवांस्ड एंटी-चीटिंग टेक्नोलॉजी लगाई गई है और पूरे परीक्षा प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाती है। चीन ने वर्ष 2021 में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में निजी कोचिंग सेक्टर पर सख्त नियम लागू किए थे। वहां मुख्य विषयों की कमाई वाली ट्यूशन सेवाओं पर रोक लगा दी गई थी, जबकि छुट्टियों के दौरान चलने वाली कोचिंग कक्षाओं को भी बंद कर दिया गया।
इसके साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए एआई आधारित निगरानी, प्रश्न पत्रों की कड़ी सुरक्षा और नकल रोकने वाली आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है। आनंद कुमार (Anand Kumar) का कहना है कि भारत में भी परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए इसी तरह की सख्त जवाबदेही तय करना जरूरी है।
ये भी पढ़ें: Paper Leak History: NEET से JEE तक, भारत में कब-कब हुआ पेपर लीक? आर्मी-रेलवे का ट्रैक रिकार्ड भी खराब












Click it and Unblock the Notifications