Indian Railways ने आरक्षण फॉर्म में ट्रांसजेंडर के लिए दिया 'T' विकल्प, मिलेगी अपनी खुद की पहचान
जल्द ही रेलवे के आरक्षण फॉर्म में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। रेलवे के आरक्षण फॉर्म में पुरुषों के लिए M लिखा होता है और महिलाओं के लिए F लिखा होता है। जल्द ही इस फॉर्म में 'T' विकल्प भी जोड़ा जाने वाला है।
नई दिल्ली। जल्द ही रेलवे के आरक्षण फॉर्म में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। रेलवे के आरक्षण फॉर्म में पुरुषों के लिए M लिखा होता है और महिलाओं के लिए F लिखा होता है। जल्द ही इस फॉर्म में 'T' विकल्प भी जोड़ा जाने वाला है। यह नया विकल्प ट्रांसजेंडर लोगों के लिए होगा। इस तरह ट्रांसजेंडर लोगों को भी रेलवे आरक्षण में तीसरे लिंग के रूप में अपनी खुद की पहचान मिल जाएगी। यह विकल्प सिर्फ रेलवे के आरक्षण फॉर्म में ही नहीं होगा, बल्कि टिकट रद्द करने के फॉर्म में भी होगा। अब ट्रांसजेंडर के लिए सिर्फ T विकल्प लिखा हुआ मिलेगा, जो अभी तक ट्रांसजेंडर (महिला/पुरुष) लिखा होता था।

पत्र से किया गया सूचित
इस नए बदलाव की सूचना बोर्ड ने सभी रेलवे मंडलों को दे दी है। इसके लिए बोर्ड ने रेलवे मंडलों को 17 अक्टूबर को एक पत्र भेजा है। इस पत्र के मुताबिक सामाजिक न्याय और आधिकारिकता मंत्रालय फिलहाल ट्रांसजेंडर समुदार के कई मामलों को देख रहा है। वहीं दूसरी ओर, संसद की स्थाई समिति प्रस्तावित ट्रांसजेंडर जन (अधिकार संरक्षण) विधेयक 2016 की समीक्षा भी कर रही है।

सुप्रीम कोर्ट ने दिया तीसरे जेंडर का दर्जा
सुप्रीम कोर्ट ने 2014 के अपने ऐतिहासिक फैसले में ट्रांसजेंडर लोगों को तीसरे जेंडर का दर्जा दे दिया है। इससे पहले सिर्फ पुरुष और महिला जेंडर ही हुआ करते थे। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पासपोर्ट, राशन कार्ड, बैंकों के फॉर्म और मतदाता पहचान पत्र जैसे दस्तावेजों में भी तीसरे जेंडर के लिए TG, Other या T का विकल्प दिया जाने लगा है।

रेलवे ने भी दिया था एक आदेश
2016 में रेलवे भी एक आदेश जारी करते हुए T (M/F) का विकल्प शुरू किया था। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं का यही कहना था कि ट्रांसजेंडरों को अभी भी उनकी पहचान नहीं मिल पाई है। अपनी पहचान बताने के लिए अभी भी उन्हें पुरुष या महिला के विकल्प पर ही निर्भर रहना पड़ता है। रेलवे के इस कदम से अब ट्रांसजेंडर्स को भी अपनी पहचान मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications