सीमा विवाद पर बोलीं सोनिया गांधी- कांग्रेस सेना और सरकार के साथ, देश को सच्चाई बताएं PM मोदी
नई दिल्ली: चीन सीमा पर अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सोमवार रात को चीन और भारतीय सेना में फिर से झड़प हुई। इस दौरान भारतीय सेना के कमांडिंग ऑफिसर समेत 20 जवान शहीद हो गए। वहीं चीन के एक कमांडिंग ऑफिसर समेत 40 से ज्यादा जवानों के हताहत होने की खबर है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही मोदी सरकार से अपनी नीतियों को स्पष्ट करने की भी अपील की है।
Recommended Video

सोनिया गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर पूरे देश में भारी आक्रोश है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आगे आकर सच्चाई बतानी चाहिए। इसके साथ ही उन्हें बताना चाहिए कि चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा कैसे किया और कैसे 20 जवान शहीद हुए। उन्होंने पूछा कि क्या सैन्य अधिकारी और सैनिक अभी भी लापता हैं। साथ ही कितने गंभीर रूप से घायल हैं। इसके अलावा चीन ने हमारे कितने हिस्से पर कहां-कहां पर कब्जा कर रखा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अपनी नीतियों को भी देश की जनता को बताएं। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में सरकार और सेना का साथ देने का वादा किया।
पीएम मोदी का भी बयान आया सामने
प्रधानमंत्री ने एक वीडियो जारी कर कहा कि हमने हमेशा ही प्रयास किया है कि मतभेद विवाद न बनें। हम कभी किसी को भी उकसाते नहीं हैं, लेकिन हम अपने देश की अखंडता और संप्रभुता के साथ समझौता भी नहीं करते हैं। जब भी समय आया है हमने देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने साफ कहा कि भारत शांतिपूर्ण देश है। इतिहास भी इस बात का गवाह है कि हमने विश्व में शांति फैलाई। पड़ोसियों के साथ दोस्ताना तरीके से काम किया। मतभेद हुए भी तो कोशिश की है कि विवाद न हो। हम कभी किसी को भी उकसाते नहीं हैं लेकिन अपने देश की अखंडता के साथ समझौता भी नहीं करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications