कर्नाटक में फिर होगा सत्ता परिवर्तन? सिद्धारमैया बोले- BJP और JDS के कुछ विधायक आना चाहते हैं कांग्रेस में
बेंगलुरु, जनवरी 26। कर्नाटक की सियासत में फिर से कुछ उथल-पुथल होने के संकेत राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने दिए हैं। बुधवार को उन्होंने मीडिया से बात करते हुए ये दावा किया कि बीजेपी और जेडीएस के कई विधायक उनके संपर्क में हैं, जो कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। हालांकि सिद्धारमैया ने उनके नामों का खुलासा किया है।

क्या कहा सिद्धारमैया ने मीडिया से?
मीडिया से बात करते हुए सिद्धारमैया ने कहा, "बीजेपी और जेडीएस के कुछ नेता मेरे संपर्क में हैं, लेकिन मैं नामों का खुलासा नहीं करूंगा। वो सभी कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। उन्हें हमारी पार्टी में विश्वास होना चाहिए, उन्हें पार्टी नेतृत्व को स्वीकार करके हमारे साथ जुड़ना चाहिए और उन्हें बिना किसी शर्त के शामिल होना चाहिए।"
पार्टी करेगी अंतिम फैसला- सलीम अहमद
सिद्धारमैया के अलावा कर्नाटक कांग्रेस के नेता सलीम अहमद ने भी कुछ ऐसा ही दावा किया है। उनका कहा है कि भाजपा और जेडीएस के कई विधायक कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहते हैं, हम अभी किसी के नाम का खुलासा नहीं करेंगे। इस बारे में अंतिम फैसला पार्टी को और हाईकमान को करना है।
जुलाई 2019 में आया था कर्नाटक में राजनीतिक संकट
आपको बता दें कि कर्नाटक में जुलाई 2019 में बहुत बड़ा राजनीतिक संकट आया था, जब कांग्रेस-जेडीएस सरकार के करीब 25 विधायकों ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया था। सरकार में इतनी बड़ी टूट के बाद कांग्रेस-जेडीएस की सरकार गिर गई थी। बाद में फ्लोर टेस्ट में बीजेपी ने बहुमत पेश कर दिया था, जिसके बाद राज्य में बीजेपी की सरकार बनी थी और बीएस येदियुरप्पा मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि बाद में येदियुरप्पा ने भी पद से इस्तीफा दे दिया और फिर बसवराज बोम्मई को सीएम बनाया गया। ऐसे में माना जा रहा है कि जो विधायक कांग्रेस और जेडीएस से बीजेपी में गए थे, वो वापिस आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications